समाचार · छत्तीसगढ़
बदहाल-सड़कों के विरोध में 1 से कांग्रेस की भूख हड़ताल:निगम एवं नेशनल-हाईवे की सड़कों का 30 तक शुरू करने का अल्टीमेटम,सोशल ऑडिट भी करेगी
अंबिकापुर शहर की धूल धूसरित सड़कों के साथ ही विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग के साथ कांग्रेस मंगलवार एक दिसंबर से क्रमिक भूख हड़ताल करेगी। कांग्रेस ने नेशनल हाईवे और शहर की सड़कों का निर्माण 30 नवंबर तक शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि ट्रिपल इंजन के नाम पर वोट लेने वाली भाजपा और इसके कर्णधार काम करने के बजाय नागरिकों को सोशल मीडिया के माध्यम से चार लेन और 6 लेन सड़कों की आकर्षक तस्वीर दिखलाकर झांसा दे रहे हैं। नेशनल हाईवे में उड़ रही धूल से नागरिक और व्यवसायी परेशान हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि यदि 30 नवंबर तक प्रभावी काम प्रारंभ नहीं हुआ तो इस स्थिति में कांग्रेस क्रमिक भूख हड़ताल के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि 1 दिसंबर से कांग्रेस स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सामने भूख हड़ताल प्रारंभ कर देगी। निगम क्षेत्र में समस्याएं, डेट पर डेट दे रहे जिम्मेदार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अम्बिकापुर शहर के मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक के उपरांत लिए गए क्रमिक भूख हड़ताल के निर्णय में निगम क्षेत्र की समस्याओं को भी रखा गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पिछले 2-3 वर्षों से नागरिकों को आश्वासन पे आश्वासन और डेट पर डेट दे रहे हैं लेकिन जमीन पर अपेक्षा अनुरूप कार्य होते नहीं दिख रहा है। शहर के वार्ड की सड़कों का टेंडर हुए कई माह बीत चुके हैं, लेकिन ठेकेदारों से काम कराने में निगम प्रशासन अक्षम साबित हुआ है। सड़क के साथ ही स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, राशन कार्ड जैसे कई मुद्दों पर निगम नकारा साबित हुआ है। विधायक, सांसद, महापौर सहित जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वस्त किया था कि 15 अक्टूबर से कार्य प्रारंभ हो जाएंगे जिसे बढ़ाकर दीपावली तक किया गया था लेकिन दीपावली गए एक पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी काम अब तक प्रारंभ नहीं हो पाया है। निगम के कार्यों का सोशल ऑडिट किया जाएगा ब्लॉक कांग्रेस अम्बिकापुर के मीटिंग में निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने यह प्रस्ताव दिया कि वार्ड स्तर पर घर-घर जाकर निगम के सेवाओं की धरातल पर स्थिति की समीक्षा की जाए। कांग्रेस अपने वार्ड में मौजूदा पार्षदों के माध्यम से जबकि भाजपा पार्षदों के वार्ड में चयनित प्रतिनिधि के माध्यम से घर-घर जाकर सड़क, बिजली, पानी, सफाई, राशनकार्ड जैसे विषयों पर नागरिकों से फीडबैक लेगी और उसे निगम के साथ ही साथ जिला प्रशासन तक भी पहुंचाएगी।