Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दतिया में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 31 ग्राम पंचायतें सम्मानित:मेधावी छात्रा को मिला 1 लाख का चेक; किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और स्कूटी के प्रमाण-पत्र

INT News1 November 2026 at 01:40 pm

दतिया जिले में रविवार को 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय समारोह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह में सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक देखने को मिली। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। हाई स्कूल बसई की मेधावी छात्रा को एक लाख रुपए का चेक दिया गया, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने वाली जिले की 31 ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया गया। प्रदर्शनी के अवलोकन और गार्ड ऑफ ऑनर से हुई शुरुआत समारोह की शुरुआत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। इसके बाद पुलिस बल ने बैंड की प्रस्तुति के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शासकीय हाई स्कूल की छात्राओं ने मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि विधायक प्रदीप अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को प्रदेश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प दिलाया। सड़क और नदी जोड़ो परियोजनाएं विकास में अहम विधायक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सड़क और नदी जोड़ो जैसी परियोजनाएं प्रदेश के विकास के साथ भविष्य की चुनौतियों से निपटने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को देश में श्रेष्ठ स्थान पर पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ मिलकर प्रयास करने होंगे। 31 ग्राम पंचायतों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने वाली दतिया की 5, भांडेर की 2 और सेवढ़ा की 24 ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों, पंचायत विभाग के अभियंताओं और शिक्षा विभाग के शिक्षकों को भी सम्मान मिला। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के तहत जनवरी में हुई राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और स्कूटी पुरस्कार के प्रमाण-पत्र दिए गए। नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया जागरूकता का संदेश समारोह में विद्यार्थियों ने 'प्यारा मध्यप्रदेश' विषय पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नशामुक्ति पर आधारित नाटक के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। प्रदर्शनी में आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी कृषि विज्ञान केंद्र ने पराली एवं नरवाई प्रबंधन, जैविक-प्राकृतिक खेती और मोटे अनाज के महत्व पर प्रदर्शनी लगाई। पशुपालन और आत्मा विभाग ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया।