समाचार · मध्य प्रदेश
किसान का घर जलकर राख, 10 लाख का नुकसान:साढ़े पांच तोला सोना, नकदी, गृहस्थी का सामान राख; एक गाय भी झुलसी
INT News26 October 2026 at 02:38 pm
नरसिंहपुर जिले की तेंदूखेड़ा तहसील के भामा गांव में सोमवार को किसान ठाकुर त्रिलोक सिंह के घर में आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में उनका पूरा घर जलकर राख हो गया, जिससे करीब 10 से 12 लाख रुपए का नुकसान हुआ। आग लगने के समय परिवार घर पर नहीं था। हादसे में घर में रखा करीब साढ़े पांच तोला सोना, नकदी, अनाज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। घर में बंधी एक गाय भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। पटवारी बोले-पीड़ित परिवार को सहायता राशि दी जाएगी सूचना मिलने पर पटवारी रिजुल शर्मा मौके पर पहुंचीं और नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शासन के नियमानुसार पीड़ित परिवार को सहायता राशि दी जाएगी। किसान परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।