समाचार · हरियाणा
पलवल में युवक भाभी- 3 भतीजों को लेकर फरार:घर से नकदी, आभूषण भी ले गया; बड़ा भाई चलाता है जेसीबी, FIR दर्ज
पलवल के उटावड़ थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने सगे छोटे भाई पर उसकी पत्नी, तीन बच्चों, नकदी और आभूषणों को लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उटावड़ थाना प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। पीड़ित जेसीबी मशीन चलाता है, जिसके कारण वह अक्सर घर से बाहर रहता है। उसने यह भी बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर वालों से अलग रहता है। छोटे भाई पर लगाया बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप पीड़ित का आरोप है कि उसका छोटा भाई उसकी पत्नी और तीन बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक अर्टिका गाड़ी में आकर आरोपी उसके घर से एक लाख रुपये नकद, एक तोले सोने की बालियां और अन्य घरेलू सामान भी साथ ले गया। पीड़ित ने पुलिस से अपने भाई के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उसकी पत्नी, बच्चों व अन्य सामान को वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी का सुराग लगाकर उसे गिरफ्तार किया जाएगा और पत्नी व बच्चों को पीड़ित के हवाले कर दिया जाएगा।