समाचार · हरियाणा
करनाल में दवा लेने गई महिला लापता:युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक, नकदी-गहने भी साथ ले गई
करनाल के मुनक थाना क्षेत्र में दवा लेने घर से निकली एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला सुबह घर से पथरी के दर्द की दवा लेने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पति ने एक अज्ञात युवक पर बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का शक जताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला के पति ने बताया है कि उसकी पत्नी को पिछले कुछ दिनों से पथरी की समस्या थी। 13 जुलाई को उसका अल्ट्रासाउंड करवाया गया था, जिसमें पथरी की पुष्टि हुई थी। 14 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे उसकी पत्नी घर से यह कहकर निकली कि वह दवा लेने जा रही है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। पहले से होती थी फोन पर बातचीत पति के अनुसार, उसे शक है कि उसकी पत्नी एक अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर उसके साथ चली गई है। उसने बताया कि उक्त व्यक्ति पहले भी उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत करता था। इस बारे में जानकारी मिलने पर उसने अपनी पत्नी को समझाया था और उस व्यक्ति को भी चेतावनी दी थी। उस समय पत्नी ने भविष्य में ऐसा न करने का भरोसा दिया था। नकदी और आभूषण भी साथ ले गई परिजनों के अनुसार पत्नी की उम्र करीब 33 वर्ष है। वह घर से निकलते समय फीके रंग के कपड़े और पैरों में चप्पल पहने हुए थी। बताया गया है कि वह अपने साथ करीब 28 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी लेकर गई है। पुलिस ने मामला दर्ज किया मामले में मुनक थाना में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच महिला मुंशी हरजीत कौर को सौंपी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। मामले की जांच जारी है।