समाचार · छत्तीसगढ़
सरगुजा में बेटी-दामाद ने गला घोंटकर की ग्रामीण की हत्या:पत्नी से विवाद कर रहा था मृतक, दोनों आरोपी हिरासत में
सरगुजा जिले के बांसाझाल में बेटी-दामाद ने ग्रामीण की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतक का उसकी दूसरी पत्नी से विवाद हुआ था। दोनों बेटी-दामाद के घर पहुंचे, वहां भी विवाद होने पर नाराज बेटी एवं दामाद ने गमछे से ग्रामीण का गला दबाकर उसे मार डाला। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बांसाझाल निवासी लोहर साय कोरवा का मंगलवार सुबह पत्नी रामपति बाई से विवाद हुआ था। मोटरसाइकिल की किश्त नहीं पटाने को लेकर रामपति से मारपीट की थी। दोपहर में वे दोनों गांव में ही बेटी सोन कुंवारी के घर पहुंचे। वहां भी किश्त नहीं पटाने को लेकर लोहर साय कोरवा का पत्नी रामपति से विवाद हुआ। बेटी-दामाद ने गला घोंटकर मारा
शाम करीब चार बजे विवाद के बाद बेटी सोन कुंवारी एवं दामाद बंधन कोरवा ने गमछे से लोहर साय कोरवा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मौके पर गिरे खून का निशान मिटाने के लिए बेटी ने घर में गोबर से पोताई भी कर दी। इसमें लोहर साय की पत्नी रामपति ने भी साथ दिया। बताया गया है कि रामपति से लोहार साय ने दूसरी शादी की थी। सोन कुंवारी उसकी पहली पत्नी की बेटी है। घटना की सूचना पर बतौली थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।