समाचार · मध्य प्रदेश
अवधेश नायक बोले-टिकट कटने के पीछे दिग्विजय सिंह थे:भाजपा नेताओं से मुलाकात पर कहा- पुराने पारिवारिक संबंध हैं, दोनों विकल्प खुले हैं
दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में हैं। टिकट नहीं मिलने के बावजूद कांग्रेस में बने रहने वाले नायक के निवास पर भाजपा नेताओं की लगातार बढ़ती आवाजाही ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों को तेज कर दिया है। रविवार रात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने उनके घर पहुंचकर मुलाकात की। इसके बाद से विशेष बातचीत में नायक ने अपने राजनीतिक भविष्य और हालिया घटनाक्रम पर खुलकर बात की। अवधेश नायक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का सार्वजनिक रूप से माफी मांगना उनका बड़प्पन है, लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में उनका टिकट कटने के पीछे भी वही प्रमुख वजह थे। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से करीब 20 दिन पहले उनसे कहा गया था कि, "तुम आरएसएस की पृष्ठभूमि से हो, चुनाव जीतने के बाद भाजपा में वापस जा सकते हो।" 'भाजपा नेताओं से पुराने पारिवारिक संबंध' भाजपा नेताओं से बढ़ते संपर्क पर नायक ने कहा कि इसमें कोई नई बात नहीं है। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उनके पुराने मित्र हैं। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से उनके तीन दशक पुराने पारिवारिक संबंध हैं। ऐसे में नेताओं का उनके घर आना-जाना स्वाभाविक है। भाजपा में वापसी की संभावना पर उन्होंने कहा कि अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। "मेरे लिए दोनों रास्ते खुले हैं। मैं कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और साथियों से चर्चा कर रहा हूं। बसई क्षेत्र के दौरे के बाद सभी की राय लेकर अंतिम फैसला लूंगा। किसी को भ्रम में नहीं रखना चाहता।" कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी लगातार संपर्क में नायक ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, लाखन सिंह और विधायक जयवर्धन सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता लगातार उनके संपर्क में हैं। ऐसे में दतिया उपचुनाव के बीच उनका अगला राजनीतिक कदम प्रदेश की राजनीति में सबसे अधिक चर्चा का विषय बना हुआ है।