Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल ACB के हत्थे चढ़ा आयकर विभाग का पियन:10 हजार रुपए लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार, 15 हजार की थी डिमांड

INT News15 July 2026 at 03:51 pm

करनाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने आयकर विभाग के एक पियन को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति से उसका काम करवाने के नाम पर पैसे मांगे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है। शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

जानकारी के अनुसार आरोपी पियन की पहचान नवीन के रूप में हुई है। उसने शिकायतकर्ता से किसी काम को करवाने के बदले 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। जिसमें 5 हजार रुपए आरोपी पहले चुका था अब 10 हजार रुपए और देने थे। इस पर शिकायतकर्ता ने पूरी बात एसीबी को बताई। टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की योजना तैयार की और शिकायतकर्ता को पाउडर लगे हुए नोट देकर आरोपी के पास भेजा। नोट पकड़ते ही टीम ने दबोचा

जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी नवीन को पैसे दिए और उसने नोट अपने हाथ में लिए, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके पर ही आरोपी को काबू कर लिया और उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। जांच में खुलेंगे और भी राज

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी ने किस काम के लिए रिश्वत मांगी थी और यह पैसे आगे किसके पास जाने वाले थे। एसीबी इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। वहीं, इस कार्रवाई को लेकर एसीबी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।