समाचार · बिहार
पटना: पूर्व मुखिया संजय यादव मौत मामला गरमाया, मंत्री रामकृपाल यादव ने परिजनों से मिल निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

Ramkripal Yadav Sanjay Yadav Death Case Patna : बिहटा के राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. राजद सांसद मीसा भारती के दौरे के बाद बुधवार को बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव भी पीड़ित परिवार से मिलने उनके पैतृक आवास पहुंचे. उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष और त्वरित जांच का भरोसा दिलाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया.
Patna Crime News : मंत्री बोले- दोषियों को किसी कीमत पर नहीं मिलेगी राहत
सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी.
छह नामजद आरोपियों पर दर्ज है केस
गौरतलब है कि गत शुक्रवार को राघोपुर गांव के बधार स्थित एक बोरिंग के पास पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था. इसके बाद मृतक के पुत्र सोनल कुमार के आवेदन पर छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है.
16 जुलाई को निकलेगा कैंडल मार्च
घटना के विरोध और न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों और समर्थकों ने 16 जुलाई को कैंडल मार्च निकालने की घोषणा की है. परिजनों का कहना है कि जब तक सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी.
सरकार पीड़ित परिवार के साथ- रामकृपाल यादव
मंत्री रामकृपाल यादव ने परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. इस दौरान चंद्रमा यादव, मुखिया सुभाष यादव, वार्ड पार्षद मुन्ना यादव, दशरथ यादव, पवन यादव, कुणाल कुमार समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.