समाचार · हरियाणा
पानीपत में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:सरकारी डिपो से राशन लेने जा रहा था पैदल, सड़क पार करते वक्त हुआ हादसा
पानीपत के GT रोड पर 70 माइल हवेली के सामने एक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने गांव के नजदीक सरकारी डिपो पर राशन लेने के लिए पैदल निकला था, इसी दौरान सड़क पार करते समय पानीपत से करनाल की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। थाना सेक्टर 13-17 पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और मौत का कारण बनने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरकारी डिपो पर राशन लेने पैदल निकला था युवक थाना सेक्टर 13-17 प्रभारी को दी गई शिकायत में गांव महमूदपुर निवासी सोमनाथ ने बताया कि वे चार भाई और एक बहन हैं। उनका तीसरे नंबर का भाई राजकुमार बाबरपुर मंडी के पास स्थित कार एजेंसी में वाशिंग का काम करता था। 14 जुलाई को राजकुमार की काम से छुट्टी थी। शाम करीब 04:30 बजे वह अपने घर से पैदल ही बाबरपुर मंडी में स्थित सरकारी डिपो से राशन लेने के लिए निकला था। हवेली के सामने सड़क पार करते वक्त हुआ हादसा शाम करीब 6 बजे जब राजकुमार जीटी रोड पर पानीपत हवेली के सामने सड़क पार कर रहा था, तभी पानीपत से करनाल की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने अपनी गाड़ी को बेहद तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से चलाते हुए राजकुमार को सीधी टक्कर मार दी। हादसा होते ही आरोपी चालक कानून की परवाह किए बिना अपने वाहन को भगा ले गया। ग्रामीण के फोन से मिली सूचना, अस्पताल में हुई शिनाख्त सोमनाथ ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद उनके गांव के ही अशोक ने फोन कर परिवार को दुर्घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही सोमनाथ और परिवार के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और वहां से पानीपत के सिविल अस्पताल भागे। अस्पताल के शवगृह में जाकर जब उन्होंने शव को देखा, तो उसकी पहचान राजकुमार के रूप में हुई।