Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सुरजपुर में टाइम कीपर से मारपीट:नगर पंचायत उपाध्यक्ष के पति पर FIR दर्ज; कर्मचारियों ने किया काम बंद

INT News15 July 2026 at 03:51 pm

सूरजपुर जिले के नगर पंचायत जरही में एक टाइम कीपर कर्मचारी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नगर पंचायत उपाध्यक्ष के पति ने निर्माण कार्य को लेकर विवाद के दौरान कर्मचारी के साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मार दिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जरही निवासी नेहरूलाल टोप्पो (36) नगर पंचायत जरही की पीडब्ल्यूडी शाखा में टाइम कीपर हैं। सोमवार शाम ड्यूटी खत्म होने के बाद उन्हें वरिष्ठ अधिकारी ने सूचना दी कि वार्ड क्रमांक-1 में प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण को लेकर कुछ लोग विवाद कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर नेहरूलाल मौके पर पहुंचे। वहां नगर पंचायत उपाध्यक्ष उर्मिला राजवाड़े के जेठ मौजूद थे, जिन्होंने निर्माण कार्य को लेकर सवाल पूछे। नेहरूलाल ने उन्हें संबंधित जानकारी के लिए वरिष्ठ अधिकारी से बात करने की सलाह दी। उपाध्यक्ष के पति पर थप्पड़ मारने का आरोप इसी दौरान उपाध्यक्ष के पति अर्जुन राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने बिना बात सुने नेहरूलाल टोप्पो के साथ गाली-गलौज की और कई थप्पड़ मार दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया। थाने में शिकायत, पुलिस ने दर्ज किया केस घटना के बाद नेहरूलाल टोप्पो ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर उन्होंने भटगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 115, 296 तथा एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 'सुरक्षा नहीं तो काम नहीं' के नारे के साथ कर्मचारियों का विरोध घटना के अगले दिन नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने 'सुरक्षा नहीं तो काम नहीं' का नारा लगाते हुए एक दिन की हड़ताल कर दी। कर्मचारियों का कहना था कि जब जनप्रतिनिधियों के परिजन ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ मारपीट करेंगे, तो फील्ड में काम करना सुरक्षित नहीं रहेगा। सीएमओ की समझाइश के बाद काम पर लौटे कर्मचारी हड़ताल की सूचना मिलने पर नगर पंचायत के सीएमओ दयाशंकर गुप्ता और अध्यक्ष पूरन राजवाड़े मौके पर पहुंचे। दोनों ने कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इसके बाद सभी कर्मचारी हड़ताल खत्म कर वापस काम पर लौट आए।