समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में 5वीं मिनी नेशनल स्पर्धा शुरू:30 राज्यों के 250 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, बैडमिंटन स्टेडियम बनाने भी मिली सरकार की मंजूरी
रायपुर के मोवा स्थित आईस्पोर्ट्ज बैडमिंटन एरीना में 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा शुरू हो गई है। चार दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों के करीब 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। डिप्टी सीएम और खेल मंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग और सुविधाएं देने के लिए काम कर रही है। सरकार ने बैडमिंटन स्टेडियम बनाने की भी मंजूरी दी है। लक्ष्य है कि प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक तक पहुंचें और देश के लिए मेडल जीतें। बैडमिंटन स्टेडियम बनाने को मिली मंजूरी डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए सरकार काम कर रही है। इसी के तहत बैडमिंटन स्टेडियम बनाने की मंजूरी दी गई है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रैक्टिस और प्रतियोगिताओं के लिए सुविधाएं मिल सकेंगी। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के खिलाड़ी नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बनाएं। पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी अभिजीत को मिलेंगे 31 लाख रुपए अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब इंटरनेशनल लेवल पर भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में एशियन पैरा गेम्स-2026 में प्रदेश के अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी इस उपलब्धि पर 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन 'जो खेलेगा, वो खिलेगा' का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि खेल से युवा अपना भविष्य बनाने के साथ प्रदेश और देश का नाम भी रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली, कविता दीक्षित, अनुराग दीक्षित सहित खेल अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।