Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

पिता को लोगों ने कहा- बेटी को नाचना सिखाकर क्या बना रहे हो? वही बेटी बनीं भारत की 'कथक क्वीन'

INT News9 November 2026 at 08:19 pm

एक दौर ऐसा भी था, जब लड़कियों का नाचना समाज के कई लोगों को पसंद नहीं आता था. अगर किसी घर की बेटी नृत्य सीखती थी, तो आस पास के लोग परिवार को ताने सुनाते थे. ठीक ऐसे ही माहौल में एक पिता ने अपनी बेटियों को कथक सिखाने का फैसला किया. लोगों ने उन्हें बहुत कुछ कहा. यहां तक कि बेटियों को नृत्य सिखाने पर उनके चरित्र तक पर सवाल उठाए गए. लेकिन पिता को अपनी बेटियों की कला पर भरोसा था. उन्होंने किसी की बात नहीं सुनी और बेटियों को नृत्य सीखने दिया.

आगे चलकर उन्हीं की बेटी ने कथक की दुनिया में ऐसी पहचान बनाई कि लोग उन्हें 'कथक क्वीन' कहने लगे. यह कहानी है मशहूर नृत्यांगना सितारा देवी की, जिन्हें बचपन में धन्नो और धनलक्ष्मी के नाम से जाना जाता था.

बचपन में ही तय हो गई थी शादी

सितारा देवी का जन्म 8 नवंबर 1920 को कोलकाता में हुआ था. उनके पिता सुखदेव महाराज संस्कृत के विद्वान और कथक के जानकार थे. वह खुद भी नृत्य करते थे और अपनी बेटियों को भी इस कला की ट्रेनिंग देते थे.

सितारा देवी का बचपन का नाम धनलक्ष्मी था और घर में उन्हें धन्नो बुलाया जाता था. उनकी बड़ी बहन तारा उनसे करीब 20 साल बड़ी थीं. धन्नो अपनी बहन को नृत्य करते देखतीं और उनसे ही कथक की बारीकियां सीखती थीं.

उस समय छोटी उम्र में लड़कियों की शादी कर देना आम बात थी. धन्नो के परिवार ने भी उनकी शादी तय कर दी थी. लेकिन वह शादी नहीं करना चाहती थीं. उनकी इच्छा पढ़ाई जारी रखने और नृत्य सीखने की थी. आखिरकार उनकी बात मानी गई और उन्हें स्कूल भेजा गया.

एक डांस ड्रामा ने बदल दी जिंदगी

स्कूल में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम होना था. इसमें सावित्री और सत्यवान की कहानी पर आधारित डांस ड्रामा तैयार किया जा रहा था. उन्हें प्रोग्राम में रोल मिला और उन्होंने अपनी नृत्य से दर्शकों का दिल जीत लिया.

जब पिता सुखदेव महाराज को बेटी की इस कामयाबी के बारे में पता चला, तो उन्हें समझ आ गया कि धन्नो में कुछ खास बात है. इसके बाद उन्होंने बेटी का नाम बदलकर सितारा देवी रख दिया. सितारा यानी चमकने वाला सितारा.

अब धन्नो की ट्रेनिंग और भी गंभीरता से शुरू हुई. बड़ी बहन तारा ने उन्हें कथक की बारीकियां सिखाईं और पिता ने भी उनकी कला को निखारने में मदद की.

10 साल की उम्र में शुरू किया स्टेज पर नृत्य

महज 10 साल की उम्र में उन्होंने अकेले कथक की प्रस्तुति देना शुरू कर दिया था. इस उम्र में ये कमाल दिखे तो चर्चा तो होनी ही थी. उनके पिता भी चाहते थे कि बेटी अपनी कला को बड़े मंच तक लेकर जाए.

लेकिन यह सफर आसान नहीं था. एक तरफ समाज की सोच से लड़ना था, तो दूसरी तरफ अपनी कला को लगातार बेहतर बनाना था. सितारा देवी ने दोनों मोर्चों पर मेहनत जारी रखी.

मुंबई पहुंचीं तो रवींद्रनाथ टैगोर भी हुए प्रभावित

सितारा देवी करीब 11 साल की थीं, जब उनका परिवार बेहतर अवसरों की तलाश में मुंबई आ गया. यहां उन्हें बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला.

उनकी एक प्रोग्राम में महान कवि और नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर भी मौजूद थे. सितारा देवी के नृत्य से वह काफी प्रभावित हुए. बाद में उन्होंने सितारा देवी को 'नृत्य सम्राज्ञी' यानी नृत्य की महारानी कहा. यह सम्मान सितारा देवी के लिए बेहद खास था.

इस पहचान ने उनके हौसले को और बढ़ाया. अब वह सिर्फ एक परिवार की प्रतिभाशाली बेटी नहीं थीं, बल्कि कथक की दुनिया में अपनी अलग जगह बना रही थीं.

फिल्मों में भी दिखाया अपना हुनर

कथक के मंच पर पहचान बनाने के बाद सितारा देवी ने फिल्मों की दुनिया में भी कदम रखा. उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में नृत्य किया. उनकी फिल्मी यात्रा में 'देवदास', 'वतन', 'रोटी' और 'मदर इंडिया' जैसी फिल्में शामिल हैं.

1957 में आई फिल्म 'मदर इंडिया' में उन्होंने होली के एक गाने पर नृत्य किया था. फिल्मों में काम करने के बावजूद उनका पहला प्यार कथक ही रहा. उन्होंने अपना ज्यादातर जीवन इसी कला को आगे बढ़ाने में लगा दिया.

पद्म भूषण लेने से कर दिया था इनकार

सितारा देवी को कथक में उनके योगदान के लिए कई सम्मान मिले. उन्हें 1969 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, 1973 में पद्मश्री और 1995 में कालिदास सम्मान से सम्मानित किया गया.

लेकिन साल 2002 में जब उन्हें पद्म भूषण देने की घोषणा हुई, तो उन्होंने इसे लेने से इनकार कर दिया. उनका मानना था कि कथक के लिए उनके योगदान को देखते हुए उन्हें इससे बड़ा सम्मान मिलना चाहिए. उन्होंने साफ कहा था कि वह भारत रत्न से कम कोई सम्मान स्वीकार नहीं करेंगी.

उनका यह फैसला भी काफी चर्चा में रहा. सितारा देवी अपनी कला और उसके सम्मान को लेकर हमेशा बेबाक रही थीं.

2014 में दुनिया को कहा अलविदा

सितारा देवी ने छह दशक से ज्यादा समय तक कथक की दुनिया में अपना योगदान दिया. उन्होंने देश ही नहीं, विदेशों में भी अपनी प्रस्तुतियां दीं. लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल और न्यूयॉर्क के कार्नेगी हॉल जैसे बड़े मंचों पर भी उन्होंने कथक का प्रदर्शन किया.

25 नवंबर 2014 को मुंबई में 94 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. लेकिन उनकी कला और उनके संघर्ष की कहानी आज भी लोगों को प्रेरित करती है.

ये भी पढ़ें: बिहार के इस भोजपुरी गायक ने अंग्रेजों को दी थी चुनौती; छापते थे नकली नोट, धोखा मिला तो गाने में सुनाई पूरी कहानी