समाचार · हरियाणा
NHPC पर कैंटर की टक्कर से साइकिल सवार की मौत:ड्यूटी से घर लौट रहा था मृतक, गुस्साई भीड़ ने कैंटर के शीशे तोड़े,चालक फरार
नेशनल हाईवे-2 पर एनएचपीसी पुल के पास देर रात आयशर कैंटर की टक्कर से ड्यूटी से घर लौट रहे साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कैंटर को रोककर उसमें तोड़फोड़ कर दी। भीड़ को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। एनएचपीसी पुल पर मारी टक्कर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी जसवंत सिंह के अनुसार, एनएचपीसी चौक पर आयशर कैंटर ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों ने कैंटर को रोक लिया। गुस्साई भीड़ ने कैंटर के शीशे तोड़े हादसे से गुस्साए लोगों ने पत्थरों से कैंटर के शीशे तोड़ दिए। भीड़ को उग्र होते देख चालक कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कैंटर के नीचे फंसी साइकिल, घसीटने का आरोप प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद साइकिल कैंटर के नीचे फंस गई थी। लोगों ने आरोप लगाया कि चालक करीब दो किलोमीटर तक साइकिल को घसीटता हुआ ले गया। लोगों का यह भी दावा है कि चालक ने दूसरे लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। मृतक की पहचान में जुटी पुलिस पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। कैंटर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।