समाचार · हरियाणा
करनाल में धान के नीचे दबने से युवक की मौत:राइस मिल की होदी में काम कर रहा, अचानक गिरी बोरियां, बिहार का रहने वाला
करनाल जिले के निसिंग में गुलरपुर रोड स्थित केसी राइस मिल में धान के नीचे दबने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के समय युवक मिल की होदी में काम कर रहा था, तभी अचानक धान ढहकर उसके ऊपर गिर गई। साथी मजदूरों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और करीब 30-45 मिनट की मशक्कत के बाद उसे धान के नीचे से बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया। मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के आलमपुर मुसेरी निवासी अजीत कुमार पुत्र कालीसाधा के रूप में हुई है। हादसा 24 अक्टूबर की देर शाम को हुआ, जब वह राइस मिल में धान की होदी में काम कर रहा था। साथी को आवाज लगाई, लेकिन धान में दब चुका था मृतक के साथी सिकंदर कुमार ने बताया कि शाम को अजीत के साथ दो अन्य मजदूरों की भी ड्यूटी थी। काम के दौरान जनरेटर में कुछ गड़बड़ी हो गई थी। वे उसे ठीक करने गए थे और वापस आ गए। इस दौरान अजीत नीचे काम कर रहा था। सिकंदर के अनुसार, उसने अजीत को बताया कि वह खाना खाने के लिए कमरे पर जा रहा है। कोई दिक्कत होने या काम पड़ने पर फोन करने को भी कहा था। वह वहां से निकला ही था कि अचानक धान ढह गई। अजीत ने आवाज लगाई तो वह तुरंत उसकी तरफ दौड़ा, लेकिन तब तक वह धान के नीचे दब चुका था। सिकंदर ने शोर मचाकर अन्य मजदूरों को बुलाया। सभी ने मिलकर धान हटाई। करीब आधा से पौना घंटे बाद अजीत को बाहर निकाला गया, लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे रहा था। इसके बाद साथी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम घटना की सूचना मिलने पर निसिंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। निसिंग थाना के जांच अधिकारी स्वदेश ने बताया कि धान के नीचे दबने से युवक की मौत हुई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।