Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: टीवी स्क्रीन पर नजरें और इंटरनेट ऐप पर चैटिंग... ऐसे मिलता रहा शूटरों को पल-पल का अपडेट

INT News25 October 2026 at 09:51 am

Tiger Shroff Firing Case: मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलियां चली थीं और अब इस केस में पुलिस के हाथ कुछ ऐसी बातें लगी हैं जो किसी फिल्मी कहानी जैसी लगती हैं. पता चला है कि जिन लड़कों ने गोलियां चलाईं, उनके साथी घर बैठकर टीवी पर न्यूज देख रहे थे. जैसे ही टीवी पर खबर चली और हमलावरों के चेहरे दिखे, उन्होंने तुरंत मोबाइल ऐप पर मैसेज भेज दिया कि 'तुम्हारे चेहरे टीवी पर आ गए हैं, फौरन वहां से भाग निकलो'.

खास मोबाइल ऐप्स से हो रही थी बातचीत

जांच में सामने आया है कि इन लड़कों ने बात करने के लिए आम फोन कॉल का इस्तेमाल नहीं किया, ताकि पुलिस इन्हें ट्रेस न कर सके. ये लोग सिग्नल (Signal) और जांगी (Zangi) जैसे खास इंटरनेट ऐप्स के जरिए अपने साथियों से जुड़े हुए थे.

पुलिस के मुताबिक, रेहान नाम का आरोपी लगातार इन ऐप्स पर मैसेज और कॉल्स के जरिए निर्देश ले रहा था कि आगे क्या करना है और कहां छिपना है.

टीवी देखकर बदलते रहे भागने का रास्ता

सिर्फ चेहरा दिखने की बात ही नहीं, टीवी पर पुलिस की हर हलचल देखकर इन्हें पल-पल बताया जा रहा था. जैसे ही टीवी पर खबर आई कि अंधेरी में हमलावरों की लावारिस बाइक मिल गई है, पीछे बैठे लोगों ने तुरंत इन्हें रास्ता बदलने को कहा. पकड़े जाने के डर से इन लड़कों ने पहले बाइक छोड़ी, फिर ट्रेन पकड़ी, उसके बाद कैब ली और फिर सूरत बस अड्डे पहुंचे. वे बार-बार गाड़ियां बदलते रहे ताकि पुलिस का ध्यान भटक जाए.

ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ की चोट पर टीम ने शेयर किया हाथ का वीडियो, तो फैंस ने किए ऐसे कॉमेंट

सूरत में छिपाईं पिस्तौलें, फिर कोटा में धरे गए तीनों शूटर

सूरत पहुंचने के बाद इन लड़कों ने अपने पास मौजूद दोनों पिस्तौलें वहीं छिपा दीं और पुलिस को चकमा देने के लिए सूरत स्टेशन से दूसरी ट्रेन पकड़कर राजस्थान की तरफ निकल गए. लेकिन मुंबई पुलिस लगातार इनके पीछे लगी थी.

मुंबई पुलिस ने तुरंत आगे के रूट पर राजस्थान पुलिस को अलर्ट भेजा. जैसे ही ट्रेन कोटा रेलवे स्टेशन पहुंची, वहां पहले से मुस्तैद पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों को ट्रेन से ही धर दबोचा. बाद में आरोपियों की निशानदेही पर मुंबई क्राइम ब्रांच ने सूरत जाकर वे दोनों पिस्तौलें भी बरामद कर लीं, जिन्हें अब जांच के लिए लैब भेजा गया है.

मीरा-भाईंदर के जंगल में की थी गोली चलाने की प्रैक्टिस

जांच में यह भी सामने आया है कि हमला करने से पहले इन लड़कों ने पूरी तैयारी की थी. पुलिस को शक है कि इन्होंने मीरा-भाईंदर के चेना जंगल में बाकायदा गोली चलाने का अभ्यास किया था.

पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल इन आरोपियों को उस जंगल में भी ले गई ताकि मौके से और सबूत जुटाए जा सकें. इस मामले में एक महिला को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद FWICE ने जारी की सख्त एडवाइजरी, बिना बैकग्राउंड चेकिंग सेट्स पर एंट्री पूरी तरह बैन

अमेरिका में बैठे अनिल पंडित ने ली जिम्मेदारी

मुंबई पुलिस ने अब अनिल पंडित नाम के शख्स को वॉन्टेड घोषित कर दिया है. पुलिस का मानना है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है और अमेरिका में बैठकर यह पूरा खेल चला रहा था.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिल पंडित ने ही सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी. अब पुलिस की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन लड़कों को मुंबई में रुकने, गाड़ियां बदलने और हथियार जुटाने में किन-किन लोगों ने मदद दी थी.