समाचार · उत्तर प्रदेश
बिजनौर WhatsApp वीडियो विवाद के बीच महिला पुलिसकर्मी लापता, निलंबित इंस्पेक्टर को बताया था जीवनसाथी, जानें पूरा मामला

UP News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस के आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो शेयर होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है. निलंबित इंस्पेक्टर के साथ मंदिर के बाहर वीडियो जारी कर जीवनसाथी की तरह रहने की बात कहने वाली महिला मुख्य आरक्षी पिंकी रानी लापता हो गई हैं. वह मुरादाबाद की जीआरपी लाइन में तैनात हैं. पुलिस के अनुसार, वह 22 अक्टूबर 2026 की सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. उनकी तलाश के लिए गुमशुदगी का पत्र जारी किया गया है.
मुरादाबाद के मझोला थाने में दर्ज हुई गुमशुदगी
पुलिस के मुताबिक, पिंकी रानी जीआरपी लाइन मुरादाबाद के पास एक निजी आवास में रहती थीं. वह 22 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे ड्यूटी के लिए निकली थीं. इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला. परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मुरादाबाद के मझोला थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज की गई. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी को उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें.
पुलिस ने जारी किया महिला का पहचान पत्र
पिंकी रानी की तलाश के लिए जारी पत्र में उनकी उम्र करीब 38 वर्ष बताई गई है. उनकी लंबाई लगभग 5 फीट 4 इंच और रंग सांवला बताया गया है. पत्र के अनुसार, वह घर से निकलते समय लोअर और टी-शर्ट पहने हुई थीं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिला के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर संबंधित पुलिस अधिकारी, नजदीकी थाने या जीआरपी मुरादाबाद को सूचित करें. फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है.
थाने के WhatsApp ग्रुप में वीडियो से शुरू हुआ था विवाद
बिजनौर के बढ़ापुर थाने के आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में एक आपत्तिजनक वीडियो शेयर होने के बाद यह मामला चर्चा में आया था. इस ग्रुप का इस्तेमाल पुलिसकर्मी काम से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए करते हैं. बताया गया था कि वीडियो कुछ समय तक ग्रुप में मौजूद रहा और बाद में उसे हटा दिया गया. हालांकि, दावा किया गया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने इसे पहले ही डाउनलोड कर लिया था और इसके स्क्रीनशॉट भी ले लिए थे. इसके बाद मामला पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बन गया.
जांच के बाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हुए थे निलंबित
मामले की जानकारी मिलने पर बिजनौर के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जांच के आदेश दिए थे. जांच के बाद बढ़ापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया था. इस कार्रवाई के बाद मामला लगातार चर्चा में बना रहा. इसके कुछ समय बाद महिला मुख्य आरक्षी पिंकी रानी और निलंबित इंस्पेक्टर का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों मंदिर के बाहर खड़े होकर अपने रिश्ते के बारे में बात करते दिखाई दिए थे.
मंदिर के बाहर दोनों ने साथ रहने की कही थी बात
वीडियो में पिंकी रानी ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उन्हें परेशान कर रहे हैं और कथित फर्जी वीडियो के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है. दोनों ने कहा था कि वे मानसिक रूप से एक-दूसरे को जीवनसाथी मान चुके हैं. उनका कहना था कि कानूनी अड़चनें दूर होने के बाद वे शादी करेंगे. साथ ही उन्होंने लोगों से उन्हें परेशान नहीं करने की अपील की थी. अब पिंकी रानी के लापता होने की खबर सामने आने से मामला फिर चर्चा में है.
महिला के लापता होने की वजह अभी साफ नहीं
पिंकी रानी के लापता होने और पहले सामने आए वीडियो के बीच किसी संबंध की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है. उनके लापता होने की वजह और मौजूदा स्थिति को लेकर भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में दोनों घटनाओं को जोड़कर देखना अभी सही नहीं होगा. फिलहाल पुलिस उनकी तलाश कर रही है. जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि वह किन परिस्थितियों में लापता हुईं और इस मामले में आगे क्या जानकारी सामने आती है.
Must Read: Varanasi Traffic Diversion: एयर शो और PM मोदी के दौरे पर बदले रूट, कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले जानें नए रूट