समाचार · मध्य प्रदेश
अज्ञात शव की हुई पहचान, सीधी का था युवक:22 अक्टूबर को घर से निकला था, पुलिस ने शुरू की जांच
मऊगंज थाना क्षेत्र के मलकपुर गांव में मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक 27 वर्षीय बृजेश कोल था, जो सीधी जिले के सतपहरा गांव का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक, बृजेश 22 अक्टूबर को अपने घर से निकला था। शव शुक्रवार को मलकपुर गांव में दिवाकर गिरी के खेत में मिला था। संजय कोल के घर की महिलाओं को खेत से मोबाइल की घंटी सुनाई दी। आवाज की दिशा में पहुंचने पर उन्होंने वहां एक युवक का शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में पहचान न होने पर पुलिस ने शव को मऊगंज सिविल अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया था। आसपास के थानों को भी जानकारी दी गई। बाद में परिजनों ने पहुंचकर शव की पहचान बृजेश कोल के रूप में की। पीएम रिपोर्ट का इंतजार
मऊगंज थाना प्रभारी अजय खोबरागड़े ने बताया कि पहचान होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पता चलेगा।