समाचार · मध्य प्रदेश
सिंगरौली में ज्वेलर्स संचालक पर रॉड-चाकू से हमला:देवसर में दुकान बंद कर लौटते समय 16 हजार नकद और 30 ग्राम सोना लूटा
INT News25 October 2026 at 09:58 am
सिंगरौली के देवसर में शनिवार देर रात ज्वेलर्स संचालक सुनील कुमार सोनी पर रॉड और चाकू से हमला कर लूटपाट हुई। घघवा टोला नाला के पास हुई इस वारदात में बदमाश 16 हजार नकद और 30 से 32 ग्राम सोना-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। घायल सुनील को ट्रामा सेंटर बैढ़न भेजा गया है, उनकी हालत गंभीर है। सुनील ने बताया कि दुकान बंद कर लौटते समय दो लोगों ने उन्हें रोका। एक ने सिर पर रॉड मारी, दूसरे ने सिर और कान के पास छह बार चाकू से हमला किया। इस मारपीट में उनका कान कट गया। सुनील ने एक आरोपी को पप्पू सोनी के रूप में पहचाना है। जल्द सभी आरोपी होंगे गिरफ्तार देवसर एसडीओपी गायत्री मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।