समाचार · हरियाणा
हिसार के अग्रोहा धाम में वार्षिक मेला:देश-विदेश से पहुंच रहे श्रद्धालु; 20 एकड़ में पार्किंग, 50 फ्री बसें और 100 स्वागत द्वार बनाए
हिसार जिले के अग्रोहा में आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रतीक अग्रोहा धाम में 43वें शरद पूर्णिमा विशाल वार्षिक मेला आज शुरू हो गया है। पूरे धाम परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों व लड़ियों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। अतिथियों के स्वागत के लिए 100 भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं। मेले में शामिल होने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं और वैश्य समाज के लोगों का आगमन शुरू हो चुका है। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने बताया कि मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम व सम्मेलन दोपहर 12 बजे शुरू होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 50 निःशुल्क बसें चलाई गई हैं और 20 एकड़ में 3 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां शिरकत करेंगी कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, हरियाणा के निकाय मंत्री विपुल गोयल, पंजाब के मंत्री वीरेंद्र गोयल, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा, हिसार की विधायिका सावित्री जिंदल और जगतगुरु महाब्रह्मर्षि कुमार स्वामी और प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार मासूम शर्मा और भजन गायिका अंजली द्विवेदी धार्मिक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। मेले के मुख्य आकर्षण और व्यवस्थाएं… धाम परिसर में एक विशाल ट्रेड फेयर मेला लगाया गया है, जिसमें विभिन्न प्रकार की स्टॉलें और झूले श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए 4 विशाल भंडारों का प्रबंध किया गया है। साथ ही 56 भोग व सवामणी प्रसाद का वितरण होगा। व्यवस्था संभालने के लिए 700 सेवादार, 100 निजी सुरक्षाकर्मी और भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज (एमएस डॉ. राजीव चौहान) द्वारा दो दिवसीय निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया गया है, जिसमें पहले दिन 200 से अधिक मरीजों की जांच की जाएगी।