Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

महाराष्ट्र: पुलिस की तेज रफ्तार गाड़ी ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, 3 नाबालिगों की मौत

INT News26 November 2026 at 09:40 pm

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन नाबालिगों की मौत हो गई. बुधवार रात तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों नाबालिगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया.

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना बुधवार रात गंगाझरी थाना क्षेत्र के गोंदिया-तिरोड़ा मार्ग पर दांडेगांव बस स्टैंड के पास हुई. तीनों नाबालिग एकोडी से गंगाझरी की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान पुलिस की 112 आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा (ERSS) का वाहन तेज रफ्तार में एक टिपर ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान पुलिस वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टकरा गया.

हादसे में तीन नाबालिगों की मौके पर मौत

पुलिस ने मृतकों की पहचान कार्तिक बृजलाल बिसेन (14), शिवप्रसाद कांबले (16) और जितेंद्र बावनकर (16) के रूप में की है. हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना से इलाके में शोक का माहौल है.

पुलिसकर्मियों की लापरवाही के आरोप में लोगों ने किया सड़क जाम

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने पुलिस वाहन के चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया और कुछ समय के लिए रास्ता जाम कर दिया. घटना की गंभीरता और लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए गुरुवार को इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके.

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, निष्पक्ष जांच का आश्वासन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में गंगाझरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई. पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने हादसे की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है. स्थानीय विधायक विनोद अग्रवाल ने भी मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रयास करने की बात कही है.

पुलिस वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

इस मामले में पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन के चालक अमित माहुले के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: Video: गमछा लहराते अनंत सिंह, बेटी की शादी में भी दिखा दबंग अंदाज