Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

आखिरी सीटी बजने के साथ मेसी की आंखों से छलकने लगे आंसू, 1 गोल और 2 असिस्ट के साथ ली इंटरनेशनल फुटबॉल से विदाई

INT News7 October 2026 at 09:41 am

Lionel Messi Farewell: ब्यूनस आयर्स में मंगलवार की रात सिर्फ एक फुटबॉल मैच नहीं खेला गया, बल्कि एक युग को विदाई दी गई. अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी ने बेनिन के खिलाफ अपने आखिरी इंटरनेशनल मैच को यादगार बना दिया. उन्होंने दो गोल में असिस्ट करने के साथ खुद भी एक गोल दागा और अर्जेंटीना ने मुकाबला 3-0 से जीत लिया.

मैच खत्म होने के बाद स्टेडियम का माहौल पूरी तरह भावुक हो गया. मैदान पर अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने मेसी को गले लगाकर सम्मान दिया, वहीं स्टैंड्स में मौजूद फैन्स लगातार उनके नाम के नारे लगाते रहे. कई दर्शकों की आंखों में आंसू थे. हर कोई इस पल को अपनी यादों में हमेशा के लिए सहेज लेना चाहता था.

दूसरे हाफ में चला मेसी का जादू

पहले हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं. लेकिन ब्रेक के बाद मेसी ने मुकाबले की पूरी तस्वीर बदल दी.

48वें मिनट में मेसी ने निकोलस ओटामेंडी को शानदार पास दिया, जिसे उन्होंने गोल में बदलकर अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसके बाद भी मेसी का असर कम नहीं हुआ. उन्होंने निको पाज को बेहतरीन मौका दिया और पाज ने खूबसूरत कर्लिंग शॉट के जरिए गेंद को गोल में पहुंचा दिया. अर्जेंटीना 2-0 से आगे हो चुका था और अब बारी खुद मेसी की थी.

ये भी पढ़ें: Messi and Dhoni Retirement: 39 की उम्र, दो दिग्गज और संन्यास का एक जैसा अंदाज, जानिए धोनी-मेसी में और क्या थीं संन्यास के समय की समानताएं

पेनल्टी पर गोल कर बनाया विदाई मैच खास

मैच के 71वें मिनट में अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली. मेसी ने खुद जिम्मेदारी ली और बेहद शांत अंदाज में गेंद को बेनिन के गोलकीपर मार्सेल डांजिनो की पहुंच से दूर टॉप राइट कॉर्नर में पहुंचा दिया.

गेंद जाल में पहुंचते ही पूरा स्टेडियम मेसी के नाम से गूंज उठा. यह अर्जेंटीना के लिए मेसी का 126वां इंटरनेशनल गोल रहा. इस गोल के साथ स्कोर 3-0 हो गया और मेजबान टीम ने मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा कर लिया.

आखिरी सीटी के बाद भावुक हुए मेसी

रेफरी की आखिरी सीटी बजते ही मेसी अपने साथियों से मिले. खिलाड़ियों ने उन्हें गले लगाया और इस खास मौके पर सम्मान दिया. मेसी भी भावुक नजर आए.

स्टेडियम में मौजूद फैन्स के लिए यह सिर्फ एक जीत नहीं थी. उनके सामने वह खिलाड़ी आखिरी बार अर्जेंटीना की जर्सी में मैदान पर था, जिसने देश को 2021 कोपा अमेरिका, 2022 फाइनलिसिमा और 2022 फीफा वर्ल्ड कप जैसी बड़ी ट्रॉफियां दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

मैच के बाद मेसी ने अपने भावुक अंदाज में कहा कि काश वह पूरी जिंदगी अर्जेंटीना के लिए खेल पाते.

ये भी पढ़ें: Lionel Messi के रिटायरमेंट के बाद भी उनके ये 5 रिकॉर्ड रहेंगे अमर; तोड़ना लगभग नामुमकिन

रोनाल्डिन्हो ने भी मेसी को किया भावुक विदाई

मेसी के इंटरनेशनल फुटबॉल से विदा लेने के मौके पर ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो ने भी उन्हें खास अंदाज में याद किया.

उन्होंने मेसी के साथ अपने पुराने रिश्ते और उनके शानदार करियर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मेसी की यात्रा का शुरुआती हिस्सा देखने और उसका हिस्सा बनने पर गर्व है. रोनाल्डिन्हो ने मेसी की अर्जेंटीना के लिए उपलब्धियों की तारीफ की और उनके परिवार के साथ आगे की जिंदगी के लिए खुशी और सफलता की कामना की. उन्होंने यह भी माना कि मेसी के लिए अब परिवार के साथ समय बिताना महत्वपूर्ण है.

विदाई को और खास बनाने के लिए हुआ ड्रोन शो

मेसी की विदाई को यादगार बनाने में मैच के बाद हुए ड्रोन शो ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी. आसमान में रोशनी से अलग-अलग आकृतियां बनाई गईं और दिग्गज फुटबॉलर को ट्रिब्यूट दिया गया.

स्टेडियम में मौजूद हजारों फैन्स इस नजारे को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए. जिस खिलाड़ी को देखने के लिए वे सालों से स्टेडियम पहुंचते रहे, उसे आखिरी बार अर्जेंटीना की जर्सी में देखकर कई दर्शक भावुक हो गए.

ये भी पढ़ें: कौन हैं Lionel Messi की पत्नी एंटोनेला रोकुजो? क्या करती हैं, कितने बच्चे और कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी