Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जिद पर आए सिंधिया, मंच पर घिरे मोहन:लाखों प्रतिशत में पहुंचा जीतू पटवारी का कॉन्फिडेंस; घुमा-फिराकर फिर 'नशेड़ी' पर आए सांसद

INT News14 November 2026 at 06:10 am

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। 'बात खरी है' मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से एप पर मिलेगा। मंच से लेकर जनता तक गूंजी नए जिले की मांग

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जब शिवपुरी जिले के पिछोर पहुंचे तो उनके सामने मंच से लेकर जनता तक पिछोर को जिला बनाने की मांग जोर-शोर से उठी। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी से लेकर जिला भाजपा अध्यक्ष जसवंत जाटव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंच से नए जिले की मांग बुलंद की। कार्यक्रम में पहुंचे लोग भी हाथों में नए जिले की मांग वाली तख्तियां लेकर आए थे। खासकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सीएम डॉ. मोहन यादव को पिछली सरकार में किया गया पिछोर को जिला बनाने का वादा याद दिलाया। उन्होंने अपने ही अंदाज में जनता को साथ जोड़ा और मुख्यमंत्री के सामने पिछोर को जिला बनाने की मांग रखी। मंच और जनता के बीच का माहौल देखकर सीएम मोहन यादव मुस्कुराते रहे। फिर जब उनके बोलने की बारी आई तो उन्होंने भी पिछोर को जिला बनाने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि एक परिसीमन आयोग बनाया गया है। इसके माध्यम से वे भी पिछोर को जिला बनाने की अनुशंसा करेंगे। जीतू पटवारी के कॉन्फिडेंस का 'प्रतिशत' बढ़ा

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इन दिनों अलग ही कॉन्फिडेंस में नजर आ रहे हैं। वे लगातार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा कर रहे हैं। हालांकि, हर बार इस दावे के साथ उनका गणित भी बदलता नजर आ रहा है। हाल ही में उन्होंने कहा था कि एमपी में 500 प्रतिशत कांग्रेस की सरकार बनेगी। अब उनके आत्मविश्वास का प्रतिशत लाखों गुना बढ़ गया है। रतलाम में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 10 लाख प्रतिशत कांग्रेस के पंजे वाली सरकार बनेगी। अब लोग जीतू पटवारी के कॉन्फिडेंस के इस बढ़ते प्रतिशत पर चुटकियां ले रहे हैं। सवाल उठा रहे हैं कि नेताजी आखिर कौन-सा गणित पढ़ रहे हैं? कुछ लोग नसीहत भी दे रहे हैं कि कॉन्फिडेंस होना अच्छी बात है, बस ये ओवर न हों। फिर 'नशेड़ी' पर आ गए भाजपा सांसद

रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने घुमा-फिराकर एक बार फिर किसानों को नशेड़ी बता दिया है। उन्होंने कहा कि गांवों के 90 प्रतिशत घरों में नशा पहुंच गया है और गांवों में तो किसान ही रहते हैं। बता दें कि हाल ही में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि किसान सिर्फ तीन महीने ही मेहनत करते हैं। बाकी नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल और जय भोले में गुजरते हैं। यानी एक तरह से उन्होंने किसानों को जुआरी और नशेड़ी बता दिया था। चूंकि मामला किसानों से जुड़ा था, इसलिए किसान संगठन नाराज हो गए। विपक्ष ने भी इसे मुद्दा बना लिया। चौतरफा विरोध के बाद सांसद ने अपने बयान के लिए माफी मांग ली थी। लेकिन अब उन्होंने इशारों-इशारों में एक बार फिर वही बात दोहरा दी है। और अब अंदर की बात.. छुट्‌टी पर एसीएस, नए साहब ने भी लिया अवकाश

एक विभाग में पदस्थ एसीएस इन दिनों छुट्‌टी पर चल रहे हैं। ऐसे में उनकी जगह दूसरे विभाग के एक एसीएस को यहां का प्रभार सौंप दिया गया। लेकिन आदेश में नए साहब का नाम देखकर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी टेंशन में आ गए। दरअसल, ये साहब पहले भी इसी विभाग में पदस्थ रह चुके हैं। तब यहां उनका मन नहीं लगता था। लिहाजा वे बात-बात पर अपने मातहतों को हड़काते रहते थे। हालांकि, अधिकारी-कर्मचारियों को हाथों-हाथ राहत तब मिली, जब प्रभार संभालने वाले ये साहब भी छुट्‌टी पर चले गए। इसके बाद एक दूसरे आईएएस अधिकारी को फिलहाल विभाग की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। अब प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि अगर जिम्मेदार अधिकारी ऐसे ही छुट्‌टी पर जाते रहे तो विभाग आखिर चलेगा कैसे? इनपुट सहयोग - कपिल मिश्रा (शिवपुरी), केके शर्मा (रतलाम) ये भी पढ़ें -

पटवारी ने मांगी दिग्विजय की राजनीतिक विरासत; सीएम बोले- 'भारत माता की जय' न कर देना सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के मंच पर जीतू पटवारी ने दिग्विजय सिंह से एक बड़ी मांग कर दी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे दिग्विजय सिंह के बेटे समान हैं। इसलिए उनकी राजनीतिक विरासत पटवारी की और सारा पैसा जयवर्धन सिंह का है। पूरी खबर पढ़ें