समाचार · मध्य प्रदेश
दो दिन से लापता युवक का नहर में मिला शव:घर नहीं लौटने पर परिजनों ने दर्ज कराई थी शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
छिंदवाड़ा के चांद थाना क्षेत्र के ग्राम खुटिया बाका में दो दिन से लापता 30 वर्षीय युवक का शव घर के पास स्थित नहर में मिला। मृतक की पहचान जीवन उइके निवासी खुटिया बाका के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर से गांव में शोक का माहौल है। दो दिन से तलाश कर रहे थे परिजन टीआई राकेश बघेल के मुताबिक, जीवन उइके पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने चांद थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान घर के पास स्थित नहर में उसका शव दिखाई दिया। पुलिस ने रेस्क्यू की मदद से शव बाहर निकलवाया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। वह नहर में कैसे पहुंचा और उसकी मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। रेस्क्यू और कार्रवाई में एसआई लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता और आरक्षक सुरेंद्र बघेल की भूमिका रही।