Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

छह लोगों ने घर में घुसकर पिता-पुत्र को पीटा:बुजुर्ग के सिर पर कुल्हाड़ी से वार, थप्पड़ मारने पर हुआ था विवाद, 2 घायल; आरोपियों पर FIR

INT News14 November 2026 at 07:52 am

दतिया के सलेतरा गांव में भजन के दौरान युवक को थप्पड़ मारने के विवाद में अगले दिन पिता-पुत्र की पिटाई कर दी गई। 13 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे छह लोगों ने घर में घुसकर उन पर लाठी-डंडों से हमला किया। आरोप है कि एक बुजुर्ग के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। दोनों घायलों को पहले भांडेर अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल दतिया रेफर किया गया। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, सलेतरा निवासी दयाशंकर अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर की रात गांव के ठाकुर दियाला वाले मोहल्ले में भजन हो रहा था। वहां उनका बेटा अभिषेक भजन सुनने गया था। आरोप है कि सूरज अहिरवार ने उसे थप्पड़ मार दिया। अभिषेक ने घर पहुंचकर परिवार को इसकी जानकारी दी। अगले दिन रात 9:30 बजे सूरज उनके घर पहुंचा। अभिषेक से विवाद करने लगा। इस पर दयाशंकर के पिता काशीराम ने उससे थप्पड़ मारने की वजह पूछी। तभी पप्पू और भूरा अहिरवार लाठी लेकर घर में घुस आए। काशीराम को पीटने लगे। बचाने पहुंचे बेटे को भी पीटा आरोप है कि हरदयाल अहिरवार ने काशीराम के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। इससे उनके सिर से खून निकलने लगा। पिता को बचाने पहुंचे दयाशंकर को शिवराम, सूरज और दिप्पू ने लाठियों से पीटा। भूरा के दो बेटों पर दयाशंकर को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से मारने का आरोप है। मारपीट में दयाशंकर की बाईं भौंह और गाल पर चोट आई। काशीराम के सिर, बाएं गाल और हाथ की उंगली में चोट लगी। परिवार के संजय, अभिषेक और सरोज ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा बीच में आने पर जान से मारने की धमकी दी। बेहोश होने पर 112 को बुलाया घटना के बाद काशीराम घर पर ही बेहोश हो गए। सूचना पर 112 वाहन पहुंचा और दोनों को भांडेर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल दतिया भेज दिया गया। टीआई सपना शर्मा ने बताया कि दयाशंकर की शिकायत पर पप्पू, भूरा, शिवराम, सूरज, दिप्पू और हरदयाल अहिरवार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।