समाचार · मध्य प्रदेश
ऑपरेशन से प्रसव के डेढ़ महीने बाद महिला की मौत:परिजनों ने शव रखकर हाईवे जाम किया, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
छतरपुर जिला अस्पताल में बेटे को जन्म देने के करीब डेढ़ महीने बाद 25 वर्षीय साधना विश्वकर्मा की मौत हो गई। शुक्रवार शाम करीब 3 बजे झांसी में इलाज के दौरान उनकी मौत हुई। इसके बाद परिजन शव लेकर छतरपुर पहुंचे। इसके बाद रात करीब 9 बजे छत्रसाल चौक पर शव रखकर हाईवे जाम कर दिया। परिजनों ने ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। साधना छतरसाल नगर में पति गोलू विश्वकर्मा के साथ रहती थीं। उनकी शादी के 7 साल बाद बेटा हुआ था। करीब डेढ़ महीने पहले जिला अस्पताल में उनका ऑपरेशन से प्रसव हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद से उनका खून बहना बंद नहीं हुआ। परिवार ने इलाज के लिए 18 लाख का कर्ज लिया परिजनों के मुताबिक, हालत बिगड़ने पर साधना को जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया। इसके बाद वे बेहतर इलाज के लिए झांसी ले गए। वहां पहले मेडिकल कॉलेज और फिर निजी अस्पताल में इलाज कराया। उन्हें ICU और वेंटिलेटर पर भी रखा गया। परिजनों का दावा है कि इलाज में करीब 18 लाख रुपए खर्च हुए। इसके लिए भाई ने मकान गिरवी रखा। पति ने ज्यादा ब्याज पर कर्ज लिया। पीएम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह परिजनों का कहना है कि खून बहना बंद नहीं होने पर साधना की बच्चेदानी भी निकाल दी गई, लेकिन इसके बाद भी खून बहना नहीं रुका। शुक्रवार को शव लेकर परिजन छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने छत्रसाल चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर सीएसपी अरुण कुमार सोनी और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजनों ने जाम खोल दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगी।