Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

Varanasi Nag Nathaiya Leela: काशी में गंगा के बीच कालिया नाग पर सवार हुए कान्हा, 500 साल पुरानी लीला देखने उमड़े लोग

INT News14 November 2026 at 07:42 am

Varanasi Nag Nathaiya Leela: वाराणसी के तुलसी घाट पर शुक्रवार को 500 साल पुरानी नागनथैया लीला का भव्य आयोजन हुआ. इस ऐतिहासिक परंपरा को देखने के लिए देश-विदेश से करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंचे. गंगा की लहरों के बीच भगवान श्रीकृष्ण की लीला का मंचन होते ही पूरा घाट जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के नारों से गूंज उठा. श्रद्धालु इस खास पल को देखने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए.

कदंब के पेड़ से गंगा में कूदे कान्हा

लीला की शुरुआत में भगवान श्रीकृष्ण अपने ग्वाल बाल मित्रों के साथ गेंद खेलते दिखाई दिए. खेल के दौरान गेंद गंगा में चली गई. उसे निकालने के लिए कान्हा कदंब के पेड़ पर चढ़े और वहां से नदी में छलांग लगा दी. इसके बाद कालिया नाग के फन पर सवार होकर भगवान श्रीकृष्ण पानी से बाहर निकले. इस दृश्य को देखकर घाट पर मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो उठे.

कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते दिखे श्रीकृष्ण

धार्मिक मान्यता के अनुसार, यमुना नदी में कालिया नाग के आतंक को खत्म करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने उसका दमन किया था. इसी प्रसंग को नागनथैया लीला के रूप में तुलसी घाट पर दिखाया जाता है. कालिया नाग के फन पर खड़े होकर बांसुरी बजाते हुए श्रीकृष्ण के गंगा से बाहर आने का दृश्य आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा. लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल में भी कैद किया.

घाट की सीढ़ियों से छतों तक दिखाई दी भीड़

नागनथैया लीला देखने के लिए तुलसी घाट पर भारी भीड़ जुटी. घाट की सीढ़ियों के साथ आसपास की इमारतों की छतें भी श्रद्धालुओं से भरी रहीं. हर कोई भगवान श्रीकृष्ण की एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखाई दिया. लीला के दौरान जैसे ही कान्हा कालिया नाग के फन पर नजर आए, लोगों ने जोरदार जयकारे लगाए. इस धार्मिक आयोजन में काशी की आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला.

काशी राज परिवार के प्रतिनिधि भी पहुंचे

इस आयोजन में काशी राज परिवार के प्रतिनिधि डॉ. अनंत नारायण सिंह ने भी अपनी परंपरागत उपस्थिति दर्ज कराई. उन्होंने धार्मिक आयोजन में शामिल होकर वर्षों से चली आ रही परंपरा को आगे बढ़ाया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे. नागनथैया लीला काशी के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में गिनी जाती है.

गोस्वामी तुलसीदास ने शुरू कराई थी परंपरा

संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र के अनुसार, करीब 500 साल पहले गोस्वामी तुलसीदास ने नागनथैया लीला की शुरुआत कराई थी. तब से हर साल तुलसी घाट पर इस परंपरा का आयोजन होता आ रहा है. यह लीला काशी की धार्मिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति लोगों की श्रद्धा का प्रतीक है. यही वजह है कि हर साल हजारों श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य के साक्षी बनने पहुंचते हैं.

Must Read: बिना पिलर वाले पुल पर छह लेन में दौड़ेंगी गाड़ियां, ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे का काम शुरू, जानें खासियत