Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कब्रिस्तान में जेवर बांटते 5 अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार:ग्वालियर में भगवान का डर दिखाकर बुजुर्गो को ठगा; दिल्ली-हापुड़ से आए थे आरोपी

INT News14 November 2026 at 07:35 am

ग्वालियर शहर में देवी-देवताओं के दिव्य दर्शन और अंधविश्वास का डर दिखाकर बुजुर्ग महिला से सोने के जेवर ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का मुरार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के हापुड़ निवासी 5 आरोपियों को शुक्रवार को एक कब्रिस्तान की झाड़ियों से गिरफ्तार किया। आरोपी वहां छिपकर ठगी के जेवरों का बंटवारा कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से ग्वालियर की 4 से 5 वारदातों के अलावा देश के कई राज्यों में हुई ठगी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। भगवान के क्रोधित होने का डर दिखाकर ठगे जेवर मुरार निवासी लक्ष्मी देवी शाक्य 11 नवंबर की सुबह बारादरी चौराहे के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान 5 युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उन्हें देवी-देवताओं के दिव्य दर्शन का झांसा दिया और भगवान के क्रोधित होने का डर दिखाया। इससे बुजुर्ग महिला घबरा गईं। आरोपियों ने इसी का फायदा उठाकर उनसे सोने के कान के टॉप्स (चेन सहित) और मंगलसूत्र जैसा सोने का पेंडल (लाल मोतियों की माला सहित) उतरवा लिया। इसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। महिला की शिकायत पर मुरार थाने में केस दर्ज किया गया था। कब्रिस्तान की झाड़ियों में कर रहे थे जेवरों का बंटवारा मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई। सीएसपी मुरार संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ बगोली ने पुलिस टीम गठित की। 13 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि बाहरी बोली-भाषा बोलने वाले 5 युवक लाल टिपारा गौशाला के आगे पैदल जाते देखे गए हैं। वे सोने के सामान के बंटवारे की बात कर रहे थे। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की। इस दौरान ईसाई कब्रिस्तान की झाड़ियों के भीतर से कानाफूसी की आवाजें सुनाई दीं। पुलिस जवान दबे पांव नजदीक पहुंचे तो आरोपी ठगी के जेवरों का हिस्सा तय कर रहे थे। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पांचों को मौके पर ही पकड़ लिया। ठगी के सभी जेवर बरामद पूछताछ में आरोपियों ने बुजुर्ग महिला से ठगी की वारदात कबूल कर ली है। तलाशी के दौरान उनके पास से ठगा गया पूरा सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में सोने जैसे एक जोड़ी कान के टॉप्स (स्क्रू सहित), टॉप्स में लगने वाली दो पतली चेन, सोने जैसा पेंडल, माला के लाल मोती और सोने जैसे 8 मोती (मनके) शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहिन खान (25), आलम शाह (34), सौरब इकबाल (25), निराज खान (23) और राशिद शाह (34) के रूप में हुई है। दिल्ली की एक ही कॉलोनी के रहने वाले हैं 4 आरोपी पकड़े गए आरोपियों में आलम शाह उत्तर प्रदेश के हापुड़ का रहने वाला है। वहीं, मोहिन खान, सौरब इकबाल, निराज खान और राशिद शाह दिल्ली के भलस्वा डेरी स्थित कलंदर कॉलोनी के निवासी हैं। पुलिस अब आरोपियों से शहर में हुई ठगी की अन्य वारदातों के संबंध में सख्ती से पूछताछ कर रही है।