Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा में जल संकट पर प्रशासन सख्त:तैयारियों में सुस्ती पर भड़के नगरीय विकास आयुक्त संकेत भोंडवे, जियो मिलर कंपनी को 15 दिन का अल्टीमेटम

INT News14 November 2026 at 07:39 am

छिंदवाड़ा में जल संकट की आशंका और नगरीय विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर शासन ने सख्ती दिखाई है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त और मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने शहर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने लापरवाही बरतने वाली निर्माण एजेंसियों को चेतावनी दी। पाइपलाइन का काम 15 दिन में पूरा करने के निर्देश रॉ वाटर ग्रेविटी पाइपलाइन विस्तार में देरी पर जियो मिलर कंपनी को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। तय समय में काम पूरा नहीं होने पर बैंक गारंटी राजसात करने और अनुबंध समाप्त करने के निर्देश दिए गए। अमृत 2.0 के तहत चल रहे सीवरेज कार्यों को भी आगामी दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया। मैनहोल निर्माण में केवल प्रीकास्ट तकनीक का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। फायर स्टेशन और एसटीपी का किया निरीक्षण आयुक्त ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत नगर निगम में बन रहे नए फायर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। इसके बाद विश्व बैंक सहायतित सीवरेज परियोजना के तहत बने मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) का जायजा लिया और प्लांट की कार्यप्रणाली व संधारण व्यवस्था की समीक्षा की। नगर निगम कार्यालय की व्यवस्थाएं भी देखीं। नीले और पीले रंग से पहचाने जाएंगे पानी के टैंकर पेयजल व्यवस्था के लिए नगरीय निकायों में टैंकरों की कलर कोडिंग करने के निर्देश दिए गए। शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करने वाले टैंकर नीले और अन्य उपयोग के पानी के टैंकर पीले रंग के होंगे। इससे पेयजल और गैर-पेयजल आपूर्ति की पहचान हो सकेगी। आयुक्त ने सप्लाई होने वाले पानी का नियमित लैब परीक्षण कराने और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को दी जाने वाली पानी की मात्रा निर्धारित करने को भी कहा। बोरवेल का ऑडिट, जरूरत पर निजी कुएं भी होंगे अधिग्रहित जल संकट से निपटने के लिए बोरवेल और नलकूपों का समय-समय पर ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए। जरूरत पड़ने पर निजी कुओं और बोरवेल का अधिग्रहण कर जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया। कम बारिश के बाद आगामी गर्मियों में पेयजल उपलब्धता बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती है। फायर स्टेशन की बाउंड्रीवाल दो महीने में बनेगी बैठक में फायर स्टेशन के आसपास के वृक्षों को हटवाने और बाउंड्रीवाल का निर्माण दो महीने में पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी 1.0 घटक की किश्त की राशि की डिमांड भेजने को कहा गया। नगर निगम में एएचपी प्रोजेक्ट के तहत एलआईजी, एमआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणियों के आवास बनाने की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। ट्रांसपोर्ट नगर प्रोजेक्ट को संचालनालय स्तर पर एमपीयूडीसी को सौंपने और बस टर्मिनल का काम फिलहाल होल्ड पर रखकर दोबारा समीक्षा के बाद शुरू करने को कहा गया। निरीक्षण और बैठक में एमपीयूडीसी के प्रमुख अभियंता आनंद सिंह, कार्यपालन यंत्री जीवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त सीपी राय, परियोजना प्रबंधक गोपाल गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।