समाचार · हरियाणा
सर्वेंट क्वार्टर में कुक ने फंदा लगा दी जान:साथियों ने कमरे में जाकर देखा तो फंदे से लटका मिला शव, परिजनों को दी सूचना
पानीपत में जीटी रोड पर नेस्ले रोड के पास स्थित नंबरदार ढाबे पर काम करने वाले एक कुक का शव सर्वेंट क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान पलविंद्र निवासी बुराड़ी, दिल्ली के रूप में हुई है। वह ढाबे पर कुकिंग का काम करता था। सुबह निर्धारित समय पर जब वह काम पर नहीं पहुंचा तो उसके साथी कारीगर उसे देखने के लिए सर्वेंट क्वार्टर में पहुंचे। वहां पलविंद्र का शव फंदे से लटका देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार, पलविंद्र नंबरदार ढाबे पर कुक के तौर पर काम करता था और ढाबे के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। सुबह जब वह अपने काम पर नहीं पहुंचा तो साथी कारीगरों को चिंता हुई। उन्होंने उसके कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। साथियों ने तुरंत इसकी सूचना ढाबा संचालकों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही समालखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वजह नहीं हुई स्पष्ट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतक के परिजनों को भी सूचना देकर बुलाया गया है। फिलहाल पलविंद्र के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल से कोई ऐसी जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे उसके इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई समालखा थाना प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।