समाचार · मध्य प्रदेश
सिवनी-मंडला मार्ग पर चलती कार में आग:तीन सवारों ने कूदकर बचाई जान; ग्राम छुई के पास मारुति इग्निस जलकर खाक
सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र में सिवनी-मंडला मार्ग पर ग्राम छुई के पास शुक्रवार रात चलती मारुति सुजुकी इग्निस कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार तीनों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कार से धुआं उठते ही बाहर निकले सवार जानकारी के अनुसार, तीन लोग इग्निस कार में सवार होकर सिवनी की ओर जा रहे थे। ग्राम छुई के पास अचानक कार के अंदर से धुआं उठने लगा। खतरे को भांपते हुए तीनों लोग तुरंत कार से बाहर निकल गए। उनके बाहर आते ही कुछ देर बाद कार में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में जलकर खाक हुई कार देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार लपटों से घिर गई। सड़क से गुजर रहे लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में कार का अधिकांश हिस्सा जल गया। घटना के कारण मार्ग पर कुछ समय तक आवाजाही भी प्रभावित रही। सूचना मिलने पर कान्हीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।