Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

बाराबंकी में एक साथ उजड़ गया परिवार, मां और तीन बेटियों की ट्रेन से कटकर मौत, बाजार गई बड़ी बेटी बची

INT News14 November 2026 at 07:46 am

UP News: (पवन तोमर) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. यहां एक महिला और उसकी तीन छोटी बेटियों की ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई. घटना के समय परिवार की सबसे बड़ी बेटी अपने पिता के साथ बाजार गई हुई थी, जिससे उसकी जान बच गई. एक साथ पत्नी और तीन बच्चियों को खोने के बाद परिवार में मातम पसरा है.

गांधी नगर की रहने वाली थीं महिला

मृतकों की पहचान कोतवाली नगर क्षेत्र के गांधी नगर निवासी किरण देवी पाल (39), उनकी सात वर्षीय जुड़वा बेटियों कनिष्का और अनुष्का तथा पांच वर्षीय बेटी काव्या के रूप में हुई है. किरण के पति राम तेजपाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं. मूल रूप से बहराइच के रहने वाले राम तेजपाल बाराबंकी में परिवार के साथ रहते हैं. दंपती की चार बेटियां थीं.

पिता के साथ बाजार गई थी बड़ी बेटी

बताया गया कि घटना के वक्त राम तेजपाल अपनी 12 वर्षीय बड़ी बेटी रिया को लेकर बाजार गए हुए थे. घर पर किरण अपनी तीन छोटी बेटियों के साथ थीं. इसी दौरान महिला और तीनों बच्चियां ट्रेन की चपेट में आ गईं. हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. मां और तीन बहनों की मौत से परिवार की सबसे बड़ी बेटी भी गहरे सदमे में है.

आर्थिक हालात को लेकर परेशान रहती थीं किरण

परिजनों के अनुसार, किरण लंबे समय से घरेलू खर्च और परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंतित रहती थीं. पति की सीमित आमदनी में चार बेटियों की परवरिश और घर की जरूरतें पूरी करना उनके लिए मुश्किल हो रहा था. इसके अलावा इलाज पर होने वाले खर्च को लेकर भी वह तनाव में रहती थीं. परिवार वालों का कहना है कि वह कई बार अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहती थीं कि वह बहुत परेशान हैं. उन्होंने पहले भी बच्चों के साथ जान देने जैसी बातें कही थीं.

पुलिस ने शुरू की घटना की जांच

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की. महिला और तीनों बच्चियां किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आईं, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है.

Also Read: UP Subsidy 2026: प्रयागराज के 455 किसानों को नलकूप बोरिंग पर मिलेगी 1.75 लाख रुपये की सब्सिडी, जानें कैसे मिलेगा लाभ