समाचार · पंजाब
नशे का विरोध करने पर पार्षद के पति से मारपीट:कुलवंत सिंह बोले- पार्क में युवकों को नशा करने से रोका था; थाना प्रभारी ने कहा- पड़ोसियों के बीच आपसी रंजिश का मामला
आम आदमी पार्टी (AAP) की पार्षद चरणजीत कौर के पति कुलवंत सिंह के साथ सोमवार सुबह भीखी में सरकारी अस्पताल के पास मारपीट का मामला सामने आया है। कुलवंत सिंह वार्ड नंबर-7 की पार्षद के पति हैं। उन्होंने कुछ युवकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। कुलवंत सिंह के अनुसार, कुछ दिन पहले उन्होंने धलेवा रोड स्थित एक पार्क में कुछ युवकों को नशा करने से रोका था। उनका आरोप है कि इसी बात की रंजिश रखते हुए युवकों ने सोमवार सुबह सरकारी अस्पताल के पास उनके साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि नशे का विरोध करने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। पार्षद चरणजीत कौर ने कहा कि शहर में नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से नगर में नशे पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। थाना प्रभारी बोले- आपसी रंजिश में हुई मारपीट वहीं, थाना प्रभारी गुरमेल सिंह ने मामले को नशे से जोड़ने की बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष पड़ोसी हैं और उनके बीच आपसी रंजिश के चलते मारपीट हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।