समाचार · हरियाणा
रेवाड़ी में छात्रा से भैंस बेचने के नाम पर ठगी:बीएससी की छात्रा ने फेसबुक पर देखा था विज्ञापन
रेवाड़ी जिले के गांव शाहपुर की बीसीए की छात्रा से फेसबुक पर भैंस बेचने का विज्ञापन देकर 98 हजार रुपए की साइबर ठगी कर ली गई। आरोपियों ने पहले ट्रांसपोर्ट फीस के नाम पर 6 हजार रुपए जमा करवाए और इसके बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 92 हजार रुपए और खाते में डलवा लिए। पैसे भेजने के बाद भी न तो भैंस पहुंची और न ही रकम वापस मिली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फेसबुक पर देखाा था विज्ञापन पुलिस को दी शिकायत में निशा ने बताया कि वह बीसीए की पढ़ाई कर रही है। 27 अक्टूबर को उसने फेसबुक पर ऑनलाइन भैंस खरीदने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने ट्रांसपोर्ट फीस के नाम पर 6 हजार रुपए मांगे। इसके लिए उसे दूसरा मोबाइल नंबर भेजा गया। निशा ने गूगल-पे के जरिए 2-2 हजार रुपए की तीन ट्रांजेक्शन कर रकम भेज दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे एक स्कैनर भेजा और अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 21,500, 21 हजार, 500, 16 हजार, 16 हजार और 17 हजार रुपए और जमा करवा लिए। इस तरह कुल 98 हजार रुपए खाते से ट्रांसफर हो गए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने न तो भैंस भेजी और न ही पैसे लौटाए। ठगी का पता चलने पर निशा ने 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।