Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

एक मिनट में ग्लास सजाने की अनोखी प्रतियोगिता, सोनिका ने 10 अंक के साथ जीता पहला स्थान

INT News10 November 2026 at 10:58 am

नोवामुंडी: क्लोनीपाड़ा स्थित सर्वजनिन मां काली पूजा कमिटी की ओर से आयोजित मां काली पूजा महोत्सव में सोमवार की रात भक्ति के साथ मनोरंजन और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला.

पूजा पंडाल परिसर में बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं. इनमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. बच्चों की भक्तिपूर्ण आरती और महिलाओं के हुनर ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिये.

आरती प्रतियोगिता में 40 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम की शुरुआत रात 9 बजे छोटे बच्चों की आरती प्रतियोगिता से हुई. इसमें 40 से अधिक बच्चों ने पूरे भक्तिभाव के साथ आरती प्रस्तुत की. प्रतियोगिता के समापन पर सभी बच्चों को चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया गया.

गुब्बारा संभालते हुए ग्लास सजाने की रोचक चुनौती

महिलाओं के लिए एक मिनट की ग्लास सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इसमें प्रतिभागियों को एक हाथ से गुब्बारा हवा में उछालना था और उसके नीचे गिरने से पहले दूसरे हाथ से टेबल पर अधिक से अधिक खाली ग्लास सजाने थे.

सजाये गये ग्लास की संख्या के आधार पर अंक दिये गये. प्रतियोगिता में 50 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया. इसमें सोनिका अग्रवाल ने 10 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया. संध्या चक्रवर्ती 8 अंकों के साथ दूसरे और स्वीटी मजूमदार 6 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.

मुख्य अतिथि रुनु विश्वास, मिनोती राय और बबली राहा ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया. वहीं, सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में टिफिन दिया गया. कार्यक्रम में पूजा कमिटी के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. देर शाम श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण भी किया गया.

मंगलवार शाम बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियों से सजेगी महफिल

पूजा कमिटी की ओर से मंगलवार शाम 7 बजे से स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इसमें आसपास के क्षेत्र के छोटे बच्चे अपनी नृत्य कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. कार्यक्रम को लेकर बच्चों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है.