समाचार · बिहार
फोन कर घर से बुलाया, फिर मंदिर के पास गला दबाकर की हत्या, दानापुर में 19 साल के छात्र का मर्डर

Danapur Student Murdered : दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के दियारा गंगाहरा फुटानी बाजार में सोमवार की रात बदमाशों ने 19 वर्षीय छात्र अविनाश कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान गंगाहरा फुटानी बाजार निवासी दिलीप राम के पुत्र के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि आरोपितों ने अविनाश को फोन कर घर से बुलाया था. इसके बाद उसे गांव के मंदिर के पास ले जाकर मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी.
दूसरे युवक के साथ भी कर रहे थे मारपीट
मृतक के पिता दिलीप राम ने बताया कि घटना के दौरान आरोपित सिपाही राम के पुत्र के साथ भी मारपीट कर रहे थे. वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा और शोर मचाते हुए लोगों को अविनाश के साथ मारपीट होने की जानकारी दी. आवाज सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो अविनाश गंभीर हालत में मिला. परिजनों ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उसे बेरहमी से पीटने के बाद गला दबाकर मार डाला.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में अविनाश को दिघवारा अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
यह भी पढ़ें : पटना के डाक बंगला चौराहे पर संगीता शोरूम में लगी आग, कपड़े और फर्नीचर जलने की आशंका
पिता के बयान पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
मृतक की मां ममता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने भी बेटे की मारपीट और गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. अविनाश इंटर का छात्र था. थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि आपसी विवाद में अविनाश की हत्या की गयी है. मृतक के पिता के बयान पर सुदेश्वर राम, उपेंद्र, राहुल, विनय, रुदल, श्रद्धानंद समेत अन्य के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
Also Read : आरा-बक्सर होकर कल से चलेगी राजेंद्र नगर नई दिल्ली AC पूजा स्पेशल ट्रेन, देखें रूट और टाइमिंग