समाचार · मध्य प्रदेश
चलती बस के दो टायर फटे, पलटने से बची:नागपुर से प्रयागराज जा रहे थे यात्री, खवास के पास हादसा; ड्राइवर ने संभाला
सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र में खवास के पास सोमवार रात नागपुर से प्रयागराज जा रही यात्री बस के दो टायर अचानक फट गए। टायर फटने से बस अनियंत्रित होकर सड़क पर डगमगाने लगी। चालक ने किसी तरह बस पर नियंत्रण बनाए रखा, जिससे बस पलटने से बच गई। बस में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है। बस महादेव ट्रेवल्स की थी। उसका नंबर UP70FT3330 है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों टायर फटने के बाद बस सड़क किनारे बने डिवाइडर की ओर बढ़ने लगी थी। ऐसे में बस पलटने का खतरा था। अचानक बस डगमगाने से घबराए यात्री घटना के बाद बस में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक हुए घटनाक्रम से यात्री घबरा गए। लंबी दूरी की यात्रा कर रहे यात्रियों को आगे के सफर को लेकर भी असुविधा हुई। बस यात्री राहुल यादव और पंकज कुमार ने बताया कि बस में निर्धारित क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे। यात्रियों ने ओवरलोडिंग की बात कही है। हालांकि, बस में क्षमता से अधिक यात्री होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बस की फिटनेस और सुरक्षा पर उठे सवाल इस घटना के बाद यात्री बसों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। टायर, ब्रेक, स्टेयरिंग और दूसरे तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच जरूरी है। अगर बस में ओवरलोडिंग थी या खराब टायरों के साथ सफर किया जा रहा था, तो इसकी भी जांच होनी चाहिए। नागपुर-जबलपुर मार्ग पर यात्री बसों और भारी वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में परिवहन विभाग की ओर से बसों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और सुरक्षा मानकों की जांच की जरूरत है।