Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दिवाली पर खंडवा में 6 लोगों ने पिया जहरीला पदार्थ:बुजुर्ग और दो युवकों की मौत; 4 की हालत गंभीर

INT News10 November 2026 at 10:57 am

खंडवा जिले में दिवाली के उल्लास के बीच जहरीला पदार्थ पीने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। त्योहार के दिन और रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छह लोगों ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ पी लिया। इनमें एक बुजुर्ग और दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि देवर-भाभी समेत चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी को परिजन अलग-अलग अस्पतालों से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। गंभीर हालत को देखते हुए कुछ मरीजों को रेफर भी किया गया। घटनाएं खंडवा, पंधाना, पिपल्यातहार, घासपुरा और पुनासा क्षेत्र की बताई गई हैं। पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पहली घटना ग्राम झारिकबड़ा की है। यहां रहने वाले 70 वर्षीय मोजीलाल पिता कालू ने दिवाली की सुबह करीब 10 बजे घर पर जहरीला पदार्थ पी लिया। उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन करीब एक घंटे बाद सुबह 11 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना पंधाना की है। यहां दिवाली की रात करीब 12 बजे 35 वर्षीय जितेंद्र पिता सुखलाल ने जहरीला पदार्थ पी लिया। परिजन उन्हें गंभीर हालत में पंधाना अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल खंडवा रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। तीसरी घटना ग्राम पिपल्यातहार की है। यहां दिवाली की रात करीब 11:23 बजे 27 वर्षीय राजा पिता सीताराम ने खेत में जहरीला पदार्थ पी लिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसी तरह घासपुरा क्षेत्र में 26 वर्षीय यास्मीन पिता सरवर ने भी जहरीला पदार्थ पी लिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुनासा में देवर-भाभी ने भी पी लिया जहरीला पदार्थ इधर, पुनासा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते देवर-भाभी द्वारा जहरीला पदार्थ पीने का मामला सामने आया है। दोनों ने दिवाली के दिन यह कदम उठाया था। रविवार को परिजन उन्हें मूंदी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल खंडवा रेफर कर दिया। दोनों को जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पहले भाभी ने जहरीला पदार्थ पीया था, इसके बाद देवर ने भी जहरीला पदार्थ पी लिया। मामले में पति से विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, परिवार के लोग इस संबंध में खुलकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। पुलिस के अनुसार, जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल चार लोगों का उपचार जारी है।