Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

महम में निकाली रन फॉर यूनिटी:स्कूली बच्चे, टीचर्स और अफसरों ने लगाई दौड़, राष्ट्रीय एकता की शपथ ली

INT News31 October 2026 at 01:42 pm

रोहतक जिले के महम में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। दौड़ में विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर के नागरिकों ने हिस्सा लिया। भाजपा नेता दीपक निवास हुड्डा ने नगर पालिका कार्यालय से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागी भारत माता की जय और एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। दौड़ नगर पालिका कार्यालय से शुरू होकर शहर के अलग-अलग रास्तों से गुजरी और चौबीसी चबूतरे पर समाप्त हुई। सरदार पटेल ने 565 रियासतों को एक किया : दीपक दीपक निवास हुड्डा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद 565 से अधिक रियासतों का एकीकरण किया था। उन्होंने कहा कि पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और देश के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी का मकसद देशवासियों, खासकर युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना मजबूत करना है। भारत में अलग-अलग भाषाएं, धर्म, जातियां और संस्कृतियां हैं, लेकिन राष्ट्रीय पहचान एक है। हुड्डा ने कहा कि हर नागरिक को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसे आयोजन युवाओं में देशप्रेम, अनुशासन और सामाजिक मेलजोल की भावना बढ़ाते हैं। राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलवाई गई। सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। रन फॉर यूनिटी में युवाओं और विद्यार्थियों का विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। कार्यक्रम में तहसीलदार रवि कुमार, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन फतेह सिंह पंवार, नगर पालिका सचिव नवीन नांदल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।