समाचार · पंजाब
तरनतारन में भगवान वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस पर निकली:सत्य, समानता, प्रेम व भाईचारा का दिया संदेश, जगह-जगह फूलों से स्वागत
भगवान वाल्मीकि जी के पावन प्रकट दिवस के अवसर पर पट्टी शहर में वाल्मीकि समाज, बिरादरी पट्टी और क्रांति सेना के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सामाजिक नेताओं ने हिस्सा लिया। यह शोभायात्रा शहर के मुख्य बाजार, गांधी सथ, बस स्टैंड और रेलवे रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। 'जय वाल्मीकि' के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह लंगर और भंडारों की व्यवस्था की गई थी। भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत क्रांति सेना के प्रधान शक्ति कुमार के नेतृत्व में निकाली गई इस शोभा यात्रा में सत्य, समानता और आपसी प्रेम का संदेश दिया गया। क्रांति सेना के प्रधान शक्ति कुमार ने समस्त वाल्मीकि समाज को प्रकट दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी का जीवन और उनके विचार पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी शिक्षाएं हमें सत्य, समानता, आपसी प्रेम और भाईचारे के मार्ग पर चलने की सीख देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल समाज को एक मंच पर लाते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी संगतों, सेवादारों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। प्रमुख हस्तियों का किया गया सम्मान शोभायात्रा में भाग लेने वाले गणमान्य व्यक्तियों और सहयोगियों को आयोजकों की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।विभिन्न बाजारों का भ्रमण करते हुए यह शोभायात्रा पूर्ण धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ वापस मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने समाज की तरक्की, खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना करते हुए अपनी अटूट आस्था प्रकट की।