समाचार · हरियाणा
उचाना में कांग्रेस के प्रदर्शन में चोरी करने वाला गिरफ्तार:कार्यकर्ता की जेब से निकाले ₹40 हजार, आरोपी से ₹36 हजार बरामद
जींद जिले में उचाना मंडी पुलिस ने कांग्रेस के एक प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ता की जेब से रुपए चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी हुए 36 हजार रुपए भी बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान हांसी के कापड़ो गांव निवासी साहिल के रूप में हुई है। उचाना थाना प्रभारी मोनिका ने बताया कि सफीदों की शिव कॉलोनी निवासी नरेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी। नरेंद्र पूर्व सांसद के कार्यक्रम में शामिल होने उचाना आए थे। कार्यकर्ता की जेब से निकाले रुपए कांग्रेस कार्यकर्ता नरेन्द्र ने बताया कि 24 अक्टूबर को कांग्रेस का वोट चोर गद्दी छोड़ प्रदर्शन था। प्रदर्शन में हुई भीड़ में चोर ने मौके का फायदा उठाया और नरेन्द्र की जेब से 40 हजार रुपए निकाल लिए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अपनी जेब संभाली तो उसमें रखे 40 हजार रुपए गायब मिले। अज्ञात व्यक्ति ने उनके रुपए चोरी कर लिए थे। शिकायत के आधार पर उचाना थाने में मामला दर्ज किया गया। तकनीकी जांच और सबूतों के आधार पर आरोपी साहिल को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर कुल 36 हजार रुपए बरामद किए गए। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है।