समाचार · उत्तर प्रदेश
दफ्तरों के बीच महज 200 मीटर की दूरी, मुलाकातों से शुरू हुई लव स्टोरी; अब शादी करेंगे यूपी के दो PCS अफसर

UP Love Story: कभी काम के सिलसिले में आमना-सामना, फिर धीरे-धीरे बढ़ती नजदीकियां और अब जिंदगी भर साथ निभाने का वादा. उत्तर प्रदेश के महोबा में तैनात दो PCS अधिकारियों की प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा में है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा और जिला सेवायोजन अधिकारी आकांक्षा बाजपेयी ने सगाई कर अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया है. चित्रकूट के एक निजी होटल में दोनों ने सादगीपूर्ण समारोह में एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई. अब 30 नवंबर को खजुराहो में दोनों विवाह के बंधन में बंधेंगे.
200 मीटर की दूरी, मुलाकातों से बढ़ीं नजदीकियां
राहुल मिश्रा और आकांक्षा बाजपेयी की कहानी की खास बात उनके दफ्तरों के बीच की दूरी है. दोनों के कार्यालय महज 200 मीटर के फासले पर स्थित हैं. कामकाज के दौरान अक्सर आमना-सामना होता था. इसी बीच दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता आगे बढ़ता गया. अब दोनों परिवारों की सहमति से यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया है. प्रशासनिक गलियारों में भी इस जोड़ी की चर्चा हो रही है.
चित्रकूट में सादगी से हुई सगाई
दोनों अधिकारियों ने चित्रकूट के एक निजी होटल में आयोजित समारोह में सगाई की. कार्यक्रम को निजी और सादगीपूर्ण रखा गया था. इसमें दोनों परिवारों के चुनिंदा सदस्य शामिल हुए. राहुल और आकांक्षा ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर साथ निभाने का वादा किया. सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद साथी अधिकारियों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया.
कौन हैं राहुल मिश्रा और आकांक्षा बाजपेयी?
राहुल मिश्रा वर्ष 2020 बैच के PCS अधिकारी हैं. वह मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं. जुलाई 2024 में उन्होंने महोबा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) के रूप में कार्यभार संभाला था. शिक्षा विभाग की जिम्मेदारियों के बीच उनकी पहचान एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में है. वहीं, आकांक्षा बाजपेयी मूल रूप से बांदा जिले की निवासी हैं. वह महोबा में जिला सेवायोजन अधिकारी के पद पर तैनात हैं और पिछले तीन वर्षों से यहां सेवाएं दे रही हैं. दोनों अपने-अपने विभागों में जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. अब उनकी जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है.
30 नवंबर को खजुराहो में होगी शादी
रिपोर्ट्स के मुताबिक सगाई के बाद अब दोनों परिवार विवाह की तैयारियों में जुटेंगे. राहुल मिश्रा और आकांक्षा बाजपेयी की शादी 30 नवंबर को खजुराहो में होगी. विवाह समारोह को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारी है. महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित दफ्तरों से शुरू हुआ यह रिश्ता अब जीवनभर के साथ में बदलने जा रहा है. दोनों अधिकारियों की सगाई की खबर सामने आने के बाद उन्हें लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं.
Also Read: प्रयागराज एक्सप्रेस का बदला समय, हमसफर अब नई दिल्ली नहीं आनंद विहार से चलेगी, जानें तारीख और नया टाइम टेबल!