समाचार · मध्य प्रदेश
SIR प्रक्रिया के खिलाफ कांग्रेस ने छेड़ा अभियान:1 नवंबर को दिल्ली रामलीला मैदान में महारैली; 13.5 करोड़ नाम जुड़वाने का लक्ष्य
बड़वानी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अभियान चलाने की तैयारी की है। इसी सिलसिले में आज सोमवार दोपहर बड़वानी के शुभम पैलेस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। महाराष्ट्र कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और पूर्व कैबिनेट मंत्री आरिफ नसीम खान ने कार्यकर्ताओं से दिल्ली में होने वाली महारैली में शामिल होने का आग्रह किया। घर-घर जाकर कटे नाम जुड़वाने का अभियान आरिफ नसीम खान ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कांग्रेस एक महीने तक अभियान चलाकर घर-घर जाएगी। पार्टी का प्रयास होगा कि चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जानकारी जुटाकर उन्हें दोबारा जुड़वाया जाए। उन्होंने बताया कि छह राज्यों में बूथ स्तर की जानकारी जुटाई गई है। कांग्रेस के मुताबिक, करीब 10 लाख बूथों पर 13 से 13.5 करोड़ नामों को लेकर अभियान चलाने की तैयारी है। 1 नवंबर को दिल्ली में महारैली खान ने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें गठबंधन और विपक्षी दलों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसके बाद 25 और 26 नवंबर को छह अलग-अलग स्थानों से ‘दिल्ली चलो’ यात्रा शुरू करने की योजना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ और ‘सीईसी हटाओ’ जैसे नारे लगाए जाएंगे। एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल खान ने एसआईआर प्रक्रिया को कामचलाऊ, गैरकानूनी और लापरवाही से चलाया जा रहा अभियान बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त प्रक्रिया का पालन किए बिना मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। बड़वानी में 64,874 नाम कटने का दावा कांग्रेस नेताओं के अनुसार, बड़वानी जिले में 64,874 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इनमें मृत, स्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट हुए और दो स्थानों पर नाम दर्ज होने वाले मतदाता शामिल हैं। पार्टी का दावा है कि 7,960 मतदाताओं को बीएलओ ट्रेस नहीं कर पाए, जबकि 1,348 मतदाताओं को अयोग्य बताया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन मतदाताओं को अयोग्य बताने की वजह स्पष्ट नहीं की। बीएलओ की कार्यप्रणाली पर भी आरोप कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बीएलओ घर-घर नहीं पहुंचे और कई जगह पोलिंग बूथ पर ही बैठे रहे। इससे कम पढ़े-लिखे लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गए। पार्टी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी बिना जांच के नाम कटवाने का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्षों का जवाब सामने नहीं आया है। फॉर्म-6 और चुनाव आयोग पर भी निशाना पूर्व विधायक रवि जोशी ने फॉर्म-6 में बदलाव को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के इशारे पर काम करने तथा कानून और संविधान की भावना का उल्लंघन करने के आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मताधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में विधायक झूमा सोलंकी, विधायक राजन मंडलोई, पूर्व विधायक रवि जोशी, प्रकाश खेड़कर, जिला संगठन मंत्री नासिर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने का मुद्दा लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा है और इसके लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।