समाचार · बिहार
पटना और वैशाली की दो महिलाएं असम में 36 लाख की हेरोइन के साथ गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला है तस्करी नेटवर्क

Bihar Women Arrested in Assam : पटना और वैशाली की दो महिलाओं को असम में हेरोइन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. बिहार एसटीएफ से मिली सूचना के आधार पर असम पुलिस ने सिलचर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन आरोपितों को पकड़ा. इनके पास से 180 ग्राम हेरोइन और तीन मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं. जब्त हेरोइन की बाजार कीमत करीब 36 लाख रुपये बतायी गयी है.
पटना की अनिता देवी और वैशाली की अंजलि देवी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में पटना के आलमगंज गुलजारबाग की अनिता देवी और वैशाली की अंजलि देवी शामिल हैं. इनके अलावा असम के उदलगुड़ी जिले के रहने वाले रोहित साहनी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. तीनों के पास से हेरोइन और मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं.
बिहार एसटीएफ की सूचना पर असम पुलिस ने की छापेमारी
जानकारी के अनुसार, 29 अक्तूबर को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम को असम में हेरोइन तस्करी में शामिल गिरोह के सदस्यों के बारे में सूचना मिली थी. इसके बाद एसटीएफ ने यह जानकारी असम पुलिस के साथ साझा की. सूचना के आधार पर असम पुलिस ने सिलचर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
कई राज्यों में फैला है तस्करी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे. उनका नेटवर्क बिहार और असम समेत कई राज्यों में फैला हुआ है. हालांकि, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के पूरे तौर-तरीके के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है.
सिलचर थाने में मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद सिलचर थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. जांच के दौरान तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटायी जा सकती है.
Also Read : पटना में सास की हत्या का आरोपी दामाद दानापुर से गिरफ्तार, पत्नी के मायके रहने से था नाराज