समाचार · बिहार
छठ पर हावड़ा से पटना-गया के लिए दो स्पेशल ट्रेनें, भागलपुर में भी ठहराव

Howrah Gaya Patna Chhath Special Train: छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा से पटना और गया के लिए दो अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. दोनों ट्रेनें 13 नवंबर को हावड़ा से रवाना होंगी. इनमें हावड़ा-गया स्पेशल का ठहराव भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, कहलगांव और अभयपुर समेत भागलपुर रेलखंड के 10 स्टेशनों पर होगा. इससे बिहार लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी.
हावड़ा-पटना स्पेशल 13 नवंबर को खुलेगी
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन नंबर 03053 हावड़ा-पटना अनारक्षित स्पेशल 13 नवंबर को शाम 7:15 बजे हावड़ा से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:40 बजे पटना पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन नंबर 03054 पटना-हावड़ा स्पेशल 14 नवंबर को सुबह 10 बजे पटना से खुलेगी और उसी दिन रात 10:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल और जसीडीह समेत कई स्टेशनों पर होगा.
हावड़ा-गया स्पेशल भागलपुर होकर चलेगी
ट्रेन नंबर 03051 हावड़ा-गया अनारक्षित स्पेशल 13 नवंबर को शाम 7:30 बजे हावड़ा से रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 2:30 बजे गया पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन नंबर 03052 गया-हावड़ा स्पेशल 14 नवंबर को शाम 5 बजे गया से खुलेगी और अगले दिन दोपहर 2:10 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
भागलपुर रेलखंड के इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
हावड़ा-गया स्पेशल ट्रेन का ठहराव भागलपुर रेलखंड के 10 प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है. इनमें कहलगांव, सबौर, भागलपुर, अकबरनगर, सुल्तानगंज, बरियारपुर, जमालपुर, धरहरा, अभयपुर और कजरा शामिल हैं.
रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन का कुल 25 स्टेशनों पर ठहराव होगा. इनमें बांका और झारखंड क्षेत्र के कई स्टेशन भी शामिल हैं. हालांकि, उपलब्ध सूचना में उन सभी स्टेशनों के नाम नहीं दिये गये हैं.
छठ के मौके पर बिहार लौटने वाले यात्रियों के लिए इन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों से अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध होगा. खासकर भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को हावड़ा से सीधे अपने नजदीकी स्टेशन तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी.
देखें तस्वीरें :भागलपुर : छठ नहाय-खाय पर बूढ़ानाथ घाट पर उमड़ी भीड़, मनाही के बाद भी चल रहीं ओवरलोड नावें