national
दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का एक्शन, मंदिर ट्रस्टियों को हटाया; CRPF संभालेगी सुरक्षा

तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर जारी विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है. दीपथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए मंदिर प्रबंधन और राज्य प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई है. अदालत ने मंदिर ट्रस्टियों की नाकामी को गंभीर मानते हुए मंदिर का प्रबंधन कोर्ट रिसीवर को सौंपने का आदेश दिया है. वहीं, पहाड़ी पर स्थित मंदिर और दरगाह की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दी गई है.
मंदिर और दरगाह की सुरक्षा अब CRPF के हवाले
सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस और प्रशासन को भी अपने आदेशों का पालन कराने में नाकाम माना है. अदालत ने मदुरै में तैनात CRPF कमांडेंट को तिरुप्परनकुंद्रम की पूरी पहाड़ी की सुरक्षा अपने नियंत्रण में लेने का निर्देश दिया है. इस फैसले के तहत पहाड़ी पर स्थित मंदिर और दरगाह, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. CRPF को यह भी ध्यान रखना होगा कि दोनों धार्मिक स्थलों पर शांति बनी रहे और श्रद्धालु अपने धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्ण तरीके से कर सकें.
मुख्य सचिव समेत संबंधित अफसरों को तलब किया गया
अदालत ने मामले से जुड़े अधिकारियों को 15 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संस्थानों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सामान्य तौर पर जिला प्रशासन की होती है. अदालत ने यह भी कहा कि जब जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में विफल रहते हैं, तभी न्यायपालिका को हस्तक्षेप करना पड़ता है। कोर्ट के मुताबिक, ऐसा हस्तक्षेप सामान्य स्थिति नहीं, बल्कि अंतिम विकल्प होना चाहिए.
'सुप्रीम कोर्ट के आदेश बातचीत या मोलभाव का विषय नहीं'
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने बेहद सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि उसके आदेश किसी बातचीत या मोलभाव का निमंत्रण नहीं होते. सभी सरकारी अधिकारियों और संबंधित संस्थाओं के लिए अदालत के आदेशों का पालन करना अनिवार्य है. अदालत ने चेतावनी दी कि न्यायिक आदेशों की अवहेलना को नजरअंदाज करना संवैधानिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है. कोर्ट ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिशों से सख्ती से निपटने का समय आ गया है.
मंदिर बोर्ड के प्रस्ताव पर सुप्रीम कोर्ट की कड़ी नाराजगी
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर बोर्ड की ओर से दीप जलाने के स्थान को लेकर पारित प्रस्ताव पर भी नाराजगी जताई. अदालत के अनुसार, बोर्ड का प्रस्ताव पहली नजर में उसके आदेश का जानबूझकर और गंभीर उल्लंघन करता दिखाई देता है. कोर्ट ने कहा कि मंदिर बोर्ड ने अदालत के सामने दिए गए भरोसे की भी अनदेखी की. अदालत ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि जब बोर्ड स्वयं सुनवाई के दौरान अदालत के सामने पेश नहीं हुआ, तो उसने अपने प्रस्ताव में अदालत की दलीलों को ठीक से नहीं समझे जाने का संकेत कैसे दिया.
अनुच्छेद 144 का दिया हवाला, अधिकारियों को सहयोग करना जरूरी
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 144 का उल्लेख किया. अदालत ने कहा कि देश के सभी नागरिक और न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी सुप्रीम कोर्ट की सहायता करने के लिए बाध्य हैं.
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब तक किसी आदेश को अदालत खुद रद्द या संशोधित नहीं करती, तब तक उसका पालन करना जरूरी है. आदेशों को सीधे या परोक्ष रूप से कमजोर करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जा सकता.
क्या है पूरा दीपम विवाद?
तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान दीप जलाने की परंपरा को लेकर विवाद शुरू हुआ. विवाद का केंद्र पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर का स्तंभ है, जहां हिंदू संगठनों की ओर से दीप जलाने की मांग की गई थी. 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार के लिए दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी. हालांकि, 24 नवंबर को मंदिर प्रशासन ने दीपथून के बजाय उचिपिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक दीप मंडपम में ही दीप जलाया. इसी के बाद अदालत के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर अवमानना याचिकाएं दायर की गईं.
ये भी पढ़ें: लोकसभा की सीटें 50% बढ़ेंगी, फिर 2051 तक नहीं होगा बदलाव; कैबिनेट ने दी मंजूरी