समाचार · हरियाणा
पंचकूला बिजली निगम के स्टोर से सामान चोरी:ट्रांसफॉर्मर ऑयल, ACSR तार और जीओ स्विच के पार्ट्स ले गए बदमाश, FIR दर्ज
पंचकूला के बरवाला स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) की पावर कॉलोनी से विभागीय सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। बदमाश ट्रांसफॉर्मरों का ऑयल, एचटी-एलटी रॉड, जीओ स्विच के कनेक्टर और करीब 300 मीटर ACSR कंडक्टर समेत लगभग 89,150 रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
मामले में चंडीमंदिर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 तथा बिजली अधिनियम की धारा 136 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। UHBVN बारवाला के एसडीओ (ऑपरेशन) पुलकित अग्रवाल ने पुलिस चौकी बारवाला को भेजे पत्र में बताया कि विभाग के अधिकारियों व जूनियर इंजीनियरों की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात बदमाश विभागीय सामग्री चोरी कर ले गए। आरोप है कि चोरी का सामान HR37F-1098 नंबर के टेंपो में भरकर ले जाया गया। पुलिस वाहन के मालिक और चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच एसडीओ की शिकायत मिलने के बाद चंडीमंदिर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और चोरी में इस्तेमाल किए गए टेंपो के संबंध में जांच कर रही है।