समाचार · झारखंड
कोलकाता जा रही बस में मछली लोड कर रहे खलासी समेत दो को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत

जमशेदपुर : एमजीएम थानांतर्गत नारगा के पास रांची से कोलकाता जा रही महालक्ष्मी बस (डब्ल्यूबी-एन-0255) पर मछली लोड करने के दौरान बस के खलासी प्रबोध इक्का (43) और बस यात्री अर्जुन कुमार (16) को एक तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया. दुर्घटना में प्रबोध इक्का की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि घायल अर्जुन को अस्पताल लेकर जाने के दौरान उनकी मौत हो गई. अर्जुन कुमार गरखा बिहार और प्रबोध गुमला के डुमरी का रहने वाला है. घटना शुक्रवार देर रात की है.
ये भी पढ़ें : खाकी शर्मसार : गम्हरिया थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला से दुष्कर्म, आरोपी सिपाही गिरफ्तार, थानेदार समेत 4 निलंबित
जमशेदपुर से कोलकाता जा रही भारी वाहन ने चपेट में लिया
घटना के बाद पुलिस ने दोनों के शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. रविवार को दोनों के परिवार के शहर आने के बाद पोस्टमार्टम किया जायेगा. इस संबंध में जानकारी देते हुए एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया - महालक्ष्मी बस रांची से कोलकाता की ओर जा रही थी. नारगा के पास एक मछली कारोबारी ने मछली लोड करने के लिए बस रोकी. इसके बाद बस का खलासी प्रबोध कुमार चालक की ओर से बस की छत पर मछली लोड करने के लिए आया. उसी दौरान बस रुकने पर बस सवारी अर्जुन भी उसके पास आया. उसी दौरान जमशेदपुर से कोलकाता की ओर जा रही तेज रफ्तार भारी वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया. प्रबोध की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन करना शुरू कर दी. घटना के बाद बस के सभी यात्रियों में हड़कंप मच गया. उसके बाद यात्री नीचे उतर कर मामले की जानकारी ली.
परिजनों के शहर आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने बताया कि मृत दोनों लोग के परिजन शहर में नहीं रहते है. दोनों के परिजन को घटना के बारे में जानकारी दे दिया गया है. संभवत रविवार को दोनों के परिजन जमशेदपुर पहुंचेंगे. उसके बाद पुलिस उन दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को सौंपेगी. पुलिस ने बताया कि धक्का मारने वाली अज्ञात वाहन का पता लगाने का काम कर रही है. पुलिस उस मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है.
ये भी पढ़ें : संताली में पढ़ाई नहीं तो वोट नहीं...कदमडीहा की महिलाओं ने भरी हुंकार, स्कूल में तालाबंदी की चेतावनी