समाचार · उत्तर प्रदेश
UP News: यूपी रोडवेज में बच्चों को लेकर बड़ा फैसला, आधा किराया देने पर भी मिलेगी पूरी सीट, परिचालकों को सख्त चेतावनी

Bareilly News: उत्तर प्रदेश में रोडवेज बसों से सफर करने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. वही अब 5 से 12 साल तक के बच्चों को आधा किराया देकर भी पूरी सीट पर बैठने का अधिकार मिलेगा. परिवहन निगम ने इस नियम को सख्ती से लागू कराने के निर्देश जारी किए हैं. अगर कोई परिचालक आधा टिकट देने वाले बच्चे को पूरी सीट देने से मना करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. यानी अब बच्चों को बस में सीट के लिए अभिभावकों के साथ एडजस्ट नहीं करना पड़ेगा.
शिकायतों के बाद लिया गया फैसला
परिवहन निगम को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि पांच से 12 वर्ष की उम्र के बच्चों से आधा किराया तो वसूला जाता है, लेकिन उन्हें बैठने के लिए अलग सीट नहीं दी जाती. कई मामलों में बच्चों को अभिभावकों के साथ एक ही सीट पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ता है. इसे गंभीरता से लेते हुए निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक संचालन ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं.
आधा किराया तो पूरी सीट का अधिकार
परिवहन निगम के नियमों के मुताबिक पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों का आधा टिकट बनाया जाता है. इसके बावजूद उन्हें पूरी सीट उपलब्ध कराना अनिवार्य है. यानी आधा किराया लेने का मतलब यह नहीं है कि बच्चे को आधी सीट दी जाए या अभिभावक के साथ बैठाया जाए. प्रत्येक बच्चे को बैठने के लिए पूरी सीट मिलेगी.
अधिकारियों को जारी हुए निर्देश
मुख्य प्रधान प्रबंधक संचालन ने क्षेत्रीय प्रबंधकों और सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आदेश दिया है कि इस नियम को हर हाल में लागू कराया जाए. इसके लिए परिचालकों के साथ यातायात निरीक्षकों और यातायात अधीक्षकों को भी स्पष्ट निर्देश देने को कहा गया है, ताकि बसों में बच्चों को सीट देने के नियम का उल्लंघन न हो.
लापरवाही पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
क्षेत्रीय प्रबंधक मो. अजीम ने बताया कि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों से आधा किराया लेकर उन्हें पूरी सीट देना अनिवार्य है. सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को इस व्यवस्था का पालन कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी. यदि कोई परिचालक नियम की अनदेखी करता है या बच्चे को पूरी सीट देने से मना करता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: कन्नौज में तेज रफ्तार थार का कहर, बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत, चौथा गंभीर हालत में कानपुर रेफर