Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

माउस खराब होने का दावा...दोबारा परीक्षा की मांग खारिज:NEET-PG छात्रा की याचिका हाईकोर्ट ने खारिज की; कहा- एक अभ्यर्थी के लिए अलग से नहीं हो सकती परीक्षा

INT News10 November 2026 at 11:39 am

धार की एक छात्रा ने NEET-PG परीक्षा के दौरान कंप्यूटर माउस खराब होने और समय बर्बाद होने का दावा करते हुए दोबारा परीक्षा कराने की मांग की थी। इस संबंध में दायर याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। जस्टिस विवेक रूसिया और जस्टिस प्रदीप मित्तल की डिवीजन बेंच ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसी एक अभ्यर्थी के लिए अलग से दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्देश नहीं दिया जा सकता। कोर्ट ने यह भी कहा कि माउस खराब होने की शिकायत परीक्षा केंद्र प्रभारी से तत्काल करने का कोई ठोस दस्तावेजी प्रमाण रिकॉर्ड पर नहीं है। परीक्षा के दौरान माउस खराब होने का दावा धार के केलवाड़ा में रहने वाली छात्रा जयश्री पाटीदार ने 30 अगस्त 2026 को प्रशांति इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी परीक्षा केंद्र पर NEET-PG की परीक्षा दी थी। याचिका में आरोप लगाया गया कि परीक्षा के दौरान उसे उपलब्ध कराया गया कंप्यूटर माउस खराब हो गया था। इसके कारण उसका समय बर्बाद हुआ और वह कई प्रश्न हल नहीं कर सकी। छात्रा ने इसी आधार पर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। CCTV फुटेज और सिस्टम लॉग मांगे याचिकाकर्ता ने तकनीकी खराबी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। इसके लिए परीक्षा केंद्र के CCTV फुटेज, कंप्यूटर सिस्टम लॉग और निरीक्षक की रिपोर्ट सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड अदालत में प्रस्तुत कराने का अनुरोध किया था। साथ ही दोबारा परीक्षा आयोजित कराने या उचित राहत देने की मांग की थी। कोर्ट ने कहा- तत्काल शिकायत का प्रमाण नहीं मामले में प्रतिवादियों की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता जान्हवी पंडित पेश हुईं। फैसले में कोर्ट ने कहा कि यदि परीक्षा के दौरान माउस में कोई खराबी आई थी, तो अभ्यर्थी को तत्काल केंद्र प्रभारी को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। हालांकि, रिकॉर्ड पर ऐसी शिकायत दर्ज कराने का कोई ठोस दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध नहीं था। कोर्ट ने यह भी पाया कि याचिकाकर्ता ने परीक्षा में सभी प्रश्न अटेम्प्ट किए थे। ऐसे में केवल बाद में किए गए दावे के आधार पर उसे दोबारा परीक्षा का अवसर नहीं दिया जा सकता। हाईकोर्ट ने दोबारा परीक्षा कराने की मांग स्वीकार नहीं की और रिट याचिका खारिज कर दी।